एआई कैसे बदल रही है हमारी सोच? मानव मस्तिष्क, निर्णय क्षमता और रिश्तों पर बढ़ता प्रभाव
कृत्रिम बुद्धिमत्ता का दिमाग पर प्रभाव: क्या AI हमें सोचने से दूर कर रही है?
- AI और इंसानी दिमाग: क्या तकनीक पर बढ़ती निर्भरता हमारी बुद्धिमत्ता को कमजोर कर सकती है?
- AI का दिमाग पर असर: क्या घट रही है सोचने की क्षमता?
एक सवाल पूछिए और AI कुछ ही सेकंड में जवाब दे देती है। रिपोर्ट लिखनी हो, जानकारी का विश्लेषण करना हो या किसी कठिन निर्णय पर सलाह चाहिए हो—कृत्रिम बुद्धिमत्ता हर जगह मौजूद है। लेकिन जब मशीनें हमारी ओर से सोचने लगती हैं, तो हमारे अपने मस्तिष्क पर क्या असर पड़ता है? न्यूरोलीडरशिप इंस्टीट्यूट के सह-संस्थापक डॉ. डेविड रॉक ने यूएन न्यूज़ से बातचीत में इस बदलते रिश्ते के मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं की ओर ध्यान दिलाया है। उनका केंद्रीय संदेश है कि AI हमारी सोच को बेहतर बनाए, उसकी जगह न ले। पढ़िए डॉ. डेविड रॉक का यूएन न्यूज़ से साक्षात्कार
एआई से सिर्फ़ दुनिया नहीं, हमारी सोच भी बदल रही है. क्या हमें इसका एहसास है?
सचिन गौड़
कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) हमारे जीवन को आसान बनाने का वादा करती है. हम अपने कीबोर्ड पर कुछ बटन दबाकर कहें तो यह झट से लम्बे ईमेल लिख सकती है, रिपोर्ट का सारांश तैयार कर सकती है, नए सुझाव दे सकती है और जटिल सवालों के जवाब कुछ ही सेकेंड में दे सकती है. बहुत से लोगों के लिए यह टैक्नॉलॉजी क्रांति, इंटरनेट के आगमन जितनी बड़ी उपलब्धि महसूस होती है.
‘न्यूरोलीडरशीप इंस्टीट्यूट’ के सह-संस्थापक, डॉक्टर डेविड रॉक के अनुसार, बड़ा सवाल यह नहीं है कि एआई हमारे लिए क्या कर रही है, बल्कि यह है कि एआई हमारे ऊपर क्या प्रभाव डाल रही है.
उन्होंने यूएन न्यूज़ के साथ एक बातचीत में कहा कि कुछ मायनों में यह टैक्नॉलॉजी हमें बिल्कुल भी नहीं बदल रही है. मानव मस्तिष्क आज भी निर्णय लेता है, समस्याओं का समाधान करता है और चुनौतियों का सामना उसी तरह से करता है, जैसा कि हज़ारों वर्ष से करता आया है.
हालांकि, इतिहास बताता है कि बड़ी घटनाएँ और लम्बे समय तक बने रहने वाले दबाव हमारे मस्तिष्क पर गहरी छाप छोड़ सकते हैं, जो वर्षों या यहाँ तक कि कई पीढ़ियों तक हमारे व्यवहार को प्रभावित करते हैं.
एआई का विरोधाभास
वर्तमान टैक्नॉलॉजी क्रांति भी ऐसा ही एक महत्वपूर्ण दौर साबित हो सकती है. डॉक्टर रॉक ने कहा कि टैक्नॉलॉजी में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब हमें लगभग हर चीज़ पर नियंत्रण होने का एहसास होने लगा है.
आपको कार की सवारी चाहिए? एक बटन दबाइए. रात का खाना घर मंगवाना है? दूसरा बटन दबाइए. किसी जानकारी को खोज रहे हैं? वह तुरन्त उपलब्ध है.
स्वतंत्रता और जीवन पर नियंत्रण होने का यह एहसास हमें सुक़ून दे सकता है, लेकिन इसके साथ ही यह एक सूक्ष्म जाल भी तैयार कर रहा है, विशेष रूप से तब जब एआई ऐसे काम करने में भी सक्षम हो रही है, जिनके लिए पहले बहुत माथापच्ची करनी पड़ती थी.
अपना दिमाग़ सक्रिय रखें
डॉक्टर रॉक ने बताया कि असली चिन्ता यह है कि लोग अपने सोचने की ज़िम्मेदारी एआई को सौंपने के लिए बहुत जल्दी तैयार होते जा रहे हैं.
उनका मानना है कि हम वर्तमान स्थिति में AI FOMO (एआई में पीछे छूट जाने का डर) से AI Hangover (एआई के अत्यधिक इस्तेमाल के बाद होने वाले नकारात्मक प्रभाव) की ओर बढ़ रहे हैं.
अनेक संगठनों ने ‘जनरेटिव एआई’ (एआई से लिखित सामग्री, तस्वीरें, वीडियो तैयार करना) उपायों को अपनाने की जल्दबाज़ी की है, और अक्सर इनके दीर्घकालिक प्रभावों को पूरी तरह समझे बिना ही ऐसा कर दिया गया. अब इसके परिणाम धीरे-धीरे स्पष्ट हो रहे हैं.
और वह जो कुछ देख रहे हैं वह उन्हें चिन्तित करता है.
डॉक्टर रॉक ने बताया कि कर्मचारियों का एक छोटा सा हिस्सा, शायद पाँच से 10 प्रतिशत, एआई का सही तरीक़े से उपयोग कर रहा है, जो अपना नियमित या सामान्य काम एआई को सौंप करके, अपनी मानसिक क्षमता को अधिक चुनौतीपूर्ण व महत्वपूर्ण कार्य के लिए बचाकर रखते हैं.
हालांकि, अधिकाँश लोग इसके ठीक विपरीत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मस्तिष्क ऊर्जा बचाना पसन्द करता है. अपने दिमाग़ को बिलकुल भी सोचने की मेहनत से बचाना आकर्षक विचार है.
मगर, इसका परिणाम धीरे-धीरे हमारी निर्णय लेने की क्षमता में गिरावट के रूप में सामने आ सकता है. जब लोग केवल सामान्य काम ही नहीं, बल्कि विश्लेषण, मूल्यांकन और निर्णय लेने जैसे कार्य भी एआई को सौंपने लगते हैं, तो वे अच्छे और बुरे विचारो के बीच अन्तर करने की अपनी क्षमता खोने का जोखिम उठाते हैं.
एआई तेज़ी से जवाब दे सकती है, लेकिन तेज़ी का मतलब हमेशा समझदारी नहीं होता है. इसलिए, उनका सुझाव है कि “अपने दिमाग़ को इस प्रक्रिया में सक्रिय रखें. जब आपका दिमाग़ सोचने की प्रक्रिया में शामिल नहीं रहता है तो आप बहुत जल्दी अपना कौशल खोने लगते हैं.”
एकाग्रता बनाए रखने का संकट
एआई का इस्तेमाल और प्रभाव एक ऐसे समय में बढ़ रहा है, जब बहुत से लोग पहले से ही एकाग्रता बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. डॉक्टर रॉक के अनुसार, आज कामकाजी लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती किसी जानकारी की कमी नहीं है, बल्कि उसकी अत्यधिक मात्रा है.
वह वर्तमान स्थिति की तुलना, ईमेल के शुरुआती दौर से करते हैं, जब ईमेल के आने से लोगों को विश्लेषण व समझ के लिए पहले से कहीं अधिक जानकारी मिलने लगी. मगर, आज स्थिति कहीं अधिक गम्भीर हो गई है.
कर्मचारियों पर लगातार सन्देशों, अपडेट्स, नोटिफ़िकेशन और एआई द्वारा तैयार किए गए सारांश की बौछार होती रहती है और कई बार यह इतने बड़े पैमाने पर होती है कि मानव मस्तिष्क के लिए इसे वास्तविक रूप से सम्भाल पाना मुश्किल हो जाता है.
उन्होंने कहा कि “हमारे मस्तिष्क की वास्तव में कुछ निश्चित सीमाएँ हैं.” कम्पुयटर कुछ ही क्षणों में हज़ारों निर्णय ले सकते हैं, लेकिन मनुष्य ऐसा नहीं कर सकते हैं. इसके बावजूद, बहुत से संगठन ऐसे काम कर रहे हैं, मानो लोगों के पास ध्यान केन्द्रित करने और निर्णय लेने की असीमित क्षमता हो.
डॉक्टर रॉक ने बताया कि अभी हमारी दुनिया, एआई के साथ तालमेल बैठाने के दौर से गुज़र रहा है. वह इसकी तुलना ऑटोमोबाइल के शुरुआती दिनों से करते हैं, जब यातायात के नियम और गति सीमाएँ मौजूद नहीं थीं.
यानि, टैक्नॉलॉजी अभी जितनी तेज़ी से आई है, उसके ज़िम्मेदार इस्तेमाल के लिए आवश्यक सामाजिक नियम और सुरक्षा उपाय अभी उतनी तेज़ी से विकसित नहीं हो पाए हैं.
टैक्नॉलॉजी, आपका मित्र बनना चाहती है
टैक्नॉलॉजी के क्षेत्र में पहले भी क्रांतियाँ हुई हैं, लेकिन इस बार स्थिति इस मायने में अलग है कि यह कामकाज से अधिक बुनियादी बातों को बदल दे रही है.
डॉक्टर रॉक का मानना है कि यह लोगों के भावनात्मक जुड़ाव (attachment) को अपने बस में कर लेती है. जहाँ टेलीविज़न, किताबें और स्मार्टफ़ोन हमारा ध्यान आकर्षित करने के लिए एक-दूसरे प्रतिस्पर्धा करते थे, वहीं एआई अब तेज़ी से हमारे रिश्तों और भावनात्मक जुड़ाव के क्षेत्र में भी प्रवेश कर रही है.
अधिक से अधिक संख्या में लोग अब चैटबॉट्स का इस्तेमाल केवल जानकारी प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि बातचीत करने, किसी साथी का एहसास पाने और सलाह लेने के लिए भी कर रहे हैं.
यह एक चिन्ताजनक रुझान है. उन्होंने शोध के हवाले से बताया कि जो लोग एआई आधारित साथियों (AI Companions) के साथ लम्बा समय बिताते हैं, वे कम अकेलापन महसूस करने के बजाय कभी-कभी और अधिक अकेलापन महसूस कर सकते हैं.
अन्य अध्ययनों में भी, चैटबॉट्स पर अत्यधिक निर्भरता और वास्तविक रिश्तों में दूरी पनपने के बीच सम्बन्ध दिखाई दिया है. उन्होंने कहा कि मानव मस्तिष्क का विकास दूसरे मनुष्यों के साथ रिश्ते बनाने और सामाजिक सम्पर्क के इर्दगिर्द हुआ है.
अब यदि इन वास्तविक मानवीय सम्पर्क का एक बड़ा हिस्सा मशीनों से बदलने लग जाए, तो इसकी एक मनोवैज्ञानिक क़ीमत चुकानी पड़ सकती है. समाज ने अभी इसके प्रभाव समझने की शुरुआत ही की है.
जैसे-जैसे, एआई और अधिक विकसित होगी, रोबोटिक्स, तेज़ कम्पयुटिंग और इंटरनेट की अगली पीढ़ी की टैक्नॉलॉजी एक दूसरे से जुड़ेंगी, ये सवाल और भी महत्वपूर्ण होते जाएंगे, और फ़िलहाल यह अन्दाज़ा भी नहीं लगाया जा सकता है कि वास्तविक स्थिति क्या होगी.
भविष्य में मानवीय जुड़ाव का महत्व
यह एक विरोधाभास ही है कि मशीनें जितनी अधिक सक्षम होती जाएंगी, मानवीय रिश्ते उतने ही अधिक मूल्यवान हो सकते हैं.
डॉक्टर रॉक का मानना है कि भविष्य में विश्वास, प्रामाणिकता और वास्तविक मानवीय जुड़ाव का महत्व बहुत बढ़ जाएगा. ऐसी दुनिया में, जहाँ मशीनें सामग्री तैयार कर सकती हैं, डेटा का विश्लेषण कर सकती हैं और बातचीत की नक़ल भी, वहाँ मनुष्य की विशिष्ट पहचान और मानवीय गुण पहले से कहीं अधिक मूल्यवान साबित हो सकते हैं.
उन्होंने कहा कि मानवीय अनुभव का महत्व भविष्य में और भी अधिक बढ़ने वाला है. लोगों की जगह लेने के बजाय, एआई अन्तत: मानवीय नैटवर्क, गहरे रिश्तों और सार्थक सहयोग के महत्व को और बढ़ा सकती है.
हालांकि भविष्य में ऐसा ही होगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है, मगर तेज़ी से बदल रही टैक्नॉलॉजी की दुनिया में यह एक सम्भावना ज़रूर है. और तेज़ी से होने वाला बदलाव ही वह बात है, जिसकी उम्मीद डॉक्टर रॉक को भी है.
“बदलाव पहले कभी इतना तेज़ नहीं था. लेकिन अब यह फिर कभी इतना धीमा भी नहीं होगा.”
सबसे महत्वपूर्ण कौशल
तो फिर एक सवाल यह भी है कि लोग इस बदलाव के साथ स्वयं को किस तरह से ढाल सकते हैं?
डॉक्टर रॉक का जवाब एक अवधारणा पर आधारित है: मेटाकॉगनिशन (metacognition), यानि अपनी सोच के बारे में सोचना.
उनका तर्क है कि एआई को अपने ऊपर हावी होने देने के बजाय, लोगों को इसका नियंत्रण अपने हाथों में ही रखना चाहिए. एआई का उपयोग, अपने नज़रिए को चुनौती देने, सोच का दायरा बढ़ाने और नई सम्भावनाओं को समझने के लिए करना चाहिए, न कि अपनी सोच-विचार की क्षमता को ही उसके हवाले कर देना चाहिए.
एआई, लोगों को ऐसे दृष्टिकोण पर विचार करने में भी मदद कर सकती है, जिन्हें वे अन्यथा नज़रअन्दाज़ कर सकते थे. यह हमारी धारणाओं और मान्यताओं की जाँच करने तथा किसी विषय की अलग-अलग व्याख्याओं को समझने में भी सहायता दे सकती है.
मगर, सही और ग़लत का निर्णय करने की ज़िम्मेदारी हमेशा व्यक्ति के पास ही रहनी चाहिए. उन्होंने अपने इस दृष्टिकोण को ‘इंसान के हाथ में नेतृत्व’ (Human in the Lead) बताया.
उन्होंने कहा कि टैक्नॉलॉजी सबसे अच्छा काम तब करती है, जब वह हमारी सोच को गहरा और बेहतर बनाती है, न कि हमारी सोचने की जगह ही ले ले. और जैसे-जैसे, एआई हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बनती जाएगी, यह अन्तर बहुत महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.
मशीनें अधिक बुद्धिमान और तेज़ हो सकती है, लेकिन मानवता के सामने असली चुनौती यह सुनिश्चित करना होगी कि हमारा अपना मस्तिष्क भी सक्रिय रूप से सोचता रहे.
डॉक्टर रॉक ने कहा कि भविष्य इस बात पर निर्भर नहीं करेगा कि एआई कितनी बुद्धिमान बन जाती है, बल्कि इस पर निर्भर है कि क्या हम अपनी मौजूदा बुद्धिमता का इस्तेमाल करना जारी रखते हैं या नहीं.
डॉक्टर डेविड रॉक, ‘न्यूरोलीडरशीप इंस्टीट्यूट’ के सह-संस्थापक और सीईओ हैं. यह एक वैश्विक परामर्शदाता संस्था है, जो नेतृत्व पदों और संगठनों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए न्यूरोसाइंस का उपयोग करती है. डॉक्टर रॉक इस वर्ष UN Skills Fest 2026 के प्रमुख वक्ताओं में हैं. इस बार की थीम है: ‘केन्द्र में मनुष्य’ (People at the Center)





