राहुल गांधी ने कैसे बदला देश का राजनीतिक विमर्श?
क्या राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के राजनीतिक प्रोपेगैंडा की बुनियाद हिला दी है? प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी के मुताबिक, 2024 के बाद देश का राजनीतिक विमर्श बदल गया है। विकास के प्रचार की जगह लोकतंत्र, वोट चोरी, बेरोजगारी और आर्थिक संकट के सवाल केंद्र में आए हैं। लेकिन मोदी सरकार को राजनीतिक चुनौती देने के लिए विपक्ष को आर्थिक मुद्दों पर जनता का आंदोलन खड़ा करना होगा। जानिए, राहुल गांधी की राजनीति, मोदी सरकार की चुनौतियों और विपक्ष की भावी रणनीति पर प्रो. चतुर्वेदी का विस्तृत विश्लेषण…
नरेंद्र मोदी के प्रोपेगैंडा तंत्र को राहुल गांधी ने कैसे ध्वस्त किया?
प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी
इन दिनों नरेंद्र मोदी के जितने भी वक्तव्य आ रहे हैं, खासतौर पर क्वाड सम्मेलन से लौटने के बाद और आने वाले समय में जो वक्तव्य आएंगे, उनके दिमाग में उत्तर प्रदेश और राहुल गांधी हैं। इंडिया एलायंस से भी वे उतने दुखी नहीं हैं, जितने राहुल गांधी से दुखी हैं। मैं बहुत साफ तौर पर यह बात कह रहा हूं।
इसका कारण क्या है?
नरेंद्र मोदी ने 2014 में विकास को मुद्दा बनाया था। इस परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखे बिना यह समझना मुश्किल है कि मोदी ऐसा क्यों बोल रहे हैं और उन्होंने फिक्की में ऐसा क्यों कहा।
मोदी की इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति और फासीवाद का संबंध
नरेंद्र मोदी विकास के मुद्दे को केंद्र में रखकर सत्ता में आए थे। सरकार चलाते हुए साढ़े 12 साल हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने, उनकी भाषा में कहें तो, एक तरह की इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति की है।
एक दिलचस्प बात बताता हूं। हर फासीवादी नेता इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति ही करता है। बड़ी-बड़ी सड़कें और विशाल भवन बनवाने का काम वे खूब करते हैं, क्योंकि इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए लोगों को यह दिखाने और समझाने में मदद मिलती है कि देखो, मैं तुम्हारे लिए काम कर रहा हूं।
इस तरह वे आम जनता की आर्थिक और राजनीतिक गतिविधियों की अनदेखी करते हैं।
अपने विकास के एजेंडे के तहत नरेंद्र मोदी ने उद्योगों के विकास को नहीं चुना। छोटे उद्योगों के विकास को अपना लक्ष्य नहीं बनाया। इसके बजाय उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लक्ष्य बनाया।
मुसोलिनी ने भी ठीक यही किया था। हिटलर ने भी यही किया और दूसरे नेताओं ने भी ऐसा ही किया। ऐसा नहीं था कि वे वास्तव में विकास चाहते थे, इसलिए इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा कर रहे थे। बल्कि उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर पर अधिक निवेश इसलिए किया, ताकि लोग अपने सामने मौजूद आर्थिक और राजनीतिक संकटों की ओर ध्यान न दें। इसमें वे काफी हद तक सफल भी रहे। लोग विकास की खुराक खाते रहे।
लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी ने जिस तरह से राजनीतिक मुद्दों को व्यवस्थित किया, उन्हें नए सिरे से प्रस्तुत किया और जनता के सामने रखा, उसमें पहली बहुत बड़ी राजनीतिक जीत यह रही कि विकास का मुद्दा गायब हो गया और लोकतंत्र का मुद्दा केंद्र में आ गया।
किस मुद्दे को केंद्र में रख रहे हैं राहुल गांधी?
राहुल गांधी क्या-क्या भाषण देते हैं, यह इस संदर्भ में महत्वपूर्ण नहीं है। सवाल यह है कि राहुल गांधी किस मुद्दे को केंद्र में रख रहे हैं?
हमारे बहुत सारे लोग राहुल गांधी के भाषणों की आए दिन आलोचना और समीक्षा करते रहते हैं। यह नहीं बोला, वह नहीं बोला, इस मुद्दे पर यह नहीं कहा, उस मुद्दे पर वह नहीं कहा। राहुल गांधी की आलोचना करने के लिए लोगों के पास एक पूरी सूची है।
लेकिन राहुल गांधी की इन आलोचनाओं में कोई ठोस आधार नहीं है। मैं बहुत साफ कहना चाहता हूं। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक लहर चल रही है, खासतौर पर शिकागो में राहुल गांधी के भाषण के बाद।
राहुल गांधी ने सबसे बड़ा क्या काम किया ?
राहुल गांधी ने 2024 से लेकर आज तक जो सबसे बड़ा काम किया है, वह यह है कि उन्होंने विकास की बजाय लोकतंत्र को मुद्दा बना दिया है। उन्होंने यह सवाल केंद्र में ला दिया है कि विकास की बात छोड़िए, आपका लोकतंत्र ही हाथ से निकल गया है।
यह संदेश हर शिक्षित और अशिक्षित व्यक्ति तक, जहां तक सोशल मीडिया की पहुंच है, पहुंच चुका है। यह कितना वोट में तब्दील होगा, यह अलग बात है। लेकिन लोकतंत्र को मुद्दा बनाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
2024 से पहले पिछले साढ़े 12 वर्षों तक लोकतंत्र राजनीतिक विमर्श के केंद्र में नहीं था। तब विकास और कुछ रियायतें देने के प्रस्ताव ही चर्चा में रहते थे। लोकतंत्र खतरे में है, यह बात केंद्र में नहीं थी।
यह एक बड़ा बदलाव है, जिसे हमें ठीक से समझना चाहिए।
विकास के प्रचार अभियान का टूटना और नरेंद्र मोदी की विश्वसनीयता पर सवाल
दूसरी बात यह है कि राहुल गांधी ने जो दूसरा काम किया, उसमें इंडिया गठबंधन की भी भूमिका है। वह काम यह था कि विकास को लेकर चलाए जा रहे फर्जी प्रचार अभियान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
यह बहुत बड़ा अभियान था। आज स्थिति यह है कि आप पूरे सोशल मीडिया पर घूमकर देख लीजिए, आपको पहले जैसा विकास का प्रचार अभियान नजर नहीं आएगा।
2014 से 2024 तक दस वर्षों में जो भारी प्रचार अभियान लगातार चल रहा था, वह पहली बार 2024 के बाद तेजी से टूटा और आज लगभग ध्वस्त हो चुका है।
इससे एक बात विकसित हुई है कि नरेंद्र मोदी झूठ बोलते हैं। यह अपने आप में विपक्ष के लिए एक बहुत बड़ी राजनीतिक पूंजी है।
पहले विपक्ष के नेता कहते थे कि नरेंद्र मोदी झूठ बोलते हैं, लेकिन जनता इसे मानने के लिए तैयार नहीं थी। जनता के बीच इस बात का इतना व्यापक प्रचार नहीं था।
लेकिन 2024 के बाद विभिन्न मुद्दों पर जिस तरह व्यवस्थित ढंग से अभियान चलाया गया, उसने इस बात को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में ला खड़ा किया कि नरेंद्र मोदी झूठ बोलते हैं।
फिक्की में नरेंद्र मोदी ने ऐसा क्यों कहा? इसकी क्या जरूरत थी? क्योंकि उनका झूठ उजागर हो चुका था। वे वहां अपनी सफाई दे रहे थे।
रोजगार तो इन्हें देना था, मुझे थोड़ी देना था। विकास तो इन्हें करना था, मैंने तो इन्हें सुविधाएं दे दीं। अब विकास तो इन्हें करना था, मुझे नहीं।
दरअसल, विकास के फर्जी प्रचार अभियान के ध्वस्त होने के बाद वे उसी की सफाई दे रहे थे। वे कोई नया आरोप नहीं लगा रहे थे।
नरेंद्र मोदी के बारे में एक बात हमें बुनियादी तौर पर ध्यान में रखनी चाहिए। उनके खिलाफ जो अभियान लगातार चलता रहता है, वे उसके अंतर्विरोधों और आरोपों को संबोधित करते हैं।
नरेंद्र मोदी ने रील बनाना क्यों बंद कर दिया ?
पहली बात यह है। दूसरी बात यह कि आपने ध्यान दिया होगा कि जंतर-मंतर के बाद अचानक नरेंद्र मोदी को एहसास हुआ कि उन्हें रील बनानी चाहिए। उन्होंने दो-तीन रील बनाईं और उसके बाद वे गायब हो गए।
क्यों?
क्योंकि सोशल मीडिया पर उन लोगों ने अपनी जगह बना ली थी, जो सच बोलते हैं। सोचिए, यह बहुत जटिल काम है, लेकिन लोगों ने यह कैसे किया, वही जानें।
सोशल मीडिया को सच का माध्यम बनाने का काम कहीं और नहीं हो पाया, लेकिन यहां हुआ। आज स्थिति यह है कि चाहे इसे एल्गोरिदम के जरिए कहें या लोगों की पहल के जरिए, लोगों के बीच सच का प्रवाह बना हुआ है।
यही वजह है कि नरेंद्र मोदी ने पहली बार 12 वर्षों में एक बात स्वीकार की कि उनके साढ़े 12 साल के शासन में विकास नहीं हुआ।
फिक्की में मोदी जो बोल रहे थे, उसका बुनियादी अर्थ यही था कि वे अपनी गलती और असफलता स्वीकार कर रहे थे। लोगों को नौकरियां नहीं मिलीं। उनकी तनख्वाहें नहीं बढ़ीं। यह क्या है?
यह उस फर्जी प्रचार अभियान की पराजय है, जिसे मीडिया और खासतौर पर सोशल मीडिया पर लोगों ने ध्वस्त किया है। यह उसी की जीत है।
अगर आप नरेंद्र मोदी के उस भाषण को इसी नजरिए से देखें कि वे क्या कह रहे हैं और उसका अर्थ क्या है, तो उसका अर्थ यही निकलता है कि उनके शासन में लोगों को रोजगार नहीं मिले।
इस भाषण से पहले नरेंद्र मोदी ने कभी यह स्वीकार नहीं किया था कि उनके शासन में लोगों को रोजगार नहीं मिले।
इसलिए यह एक निर्णायक मोड़ है। अब वे उत्तर प्रदेश के चुनाव में यह कहते हुए जा रहे हैं कि हम तो रोजगार नहीं दे पाए और इसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं। रोजगार तो लोगों ने ही नहीं दिए।
अब लोग खुद तय कर लेंगे कि रोजगार किसने नहीं दिए।
इस तरह तीन बड़ी चीजें हुई हैं। पहली, सच की प्रतिष्ठा स्थापित हुई है। दूसरी, लोकतंत्र का संकट राजनीतिक विमर्श के केंद्र में आया है। तीसरी, विकास के नाम पर चलाया जा रहा फर्जी प्रचार अभियान ध्वस्त हुआ है।
इन्हीं वजहों से नरेंद्र मोदी ने फिक्की में एक तरह की आत्मस्वीकृति की है कि उनसे गलतियां हुई हैं या उनके शासन की कुछ असफलताएं रही हैं।
नरेंद्र मोदी के साथ मुश्किल यह है कि वे कभी सीधे तौर पर नहीं कहते कि मुझसे गलती हुई है। वे अपनी बात को दूसरे तरीके से कहते हैं। इसलिए हमें यह समझना चाहिए कि वे अपनी गलती कब और कैसे स्वीकार करते हैं।
आने वाले आर्थिक संकट पर विपक्ष का ध्यान क्यों जरूरी है?
एक दूसरा पहलू भी है, जो इस पूरे संकट से जुड़ा हुआ है और जिस पर राहुल गांधी ने ध्यान खींचा था। लेकिन उस पर चर्चा नहीं हुई।
राहुल गांधी ने ध्यान दिलाया था कि आने वाले समय में बहुत गंभीर आर्थिक संकट पैदा होने वाला है। यह आर्थिक संकट इसलिए आएगा, क्योंकि देश में विकास की रफ्तार खत्म हो चुकी है।
अगर विकास की रफ्तार खत्म हो चुकी है, तो देश में हाहाकार मचेगा।
एक बात पर ध्यान दीजिए। पिछले छह महीनों में, खासतौर पर जब से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी तकनीक के खतरे मीडिया में विस्फोट की तरह सामने आने शुरू हुए हैं, नरेंद्र मोदी एआई का नाम नहीं लेते।
शुरुआत में वे बड़े जोर-शोर से एआई-एआई कर रहे थे। लेकिन अब वे एआई का नाम नहीं लेते।
क्यों?
क्योंकि आने वाले समय में सर्विस सेक्टर में काम करने वाले लोगों की नौकरियां जाने का खतरा है। इन्फोसिस और दूसरी कंपनियों में काम करने वाले लोगों की नौकरियां जा सकती हैं। और क्या वास्तव में नौकरियां जाएंगी? बिल्कुल सही बात है।
बेरोजगारी के मोर्चे पर सरकार विफल है, महंगाई के मोर्चे पर विफल है, महंगाई पर नियंत्रण नहीं कर पाई, रोजगार नहीं दे पाई और दुनिया में लोकतंत्र को लेकर इतनी बदनामी हुई है।
क्या आपको लगता है कि अब एक ऐसा राजनीतिक माहौल और चुनौती खड़ी हो गई है, जिससे मोदी के अस्तित्व को खतरा पैदा हो गया है?
उन्हें लगा था कि उनके परम मित्र डोनाल्ड ट्रंप हैं, लेकिन ट्रंप की जमीन भी खिसक गई है। दूसरी ओर नेतन्याहू हैं, जिन्हें उन्होंने इजराइल जाकर ‘फादर लैंड’ कहकर संबोधित किया था कि आप तो भारत के पिता हैं और भारत आपकी मातृभूमि है।
क्या आपको लगता है कि वे राजनीतिक रूप से ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं, जिसे अंग्रेजी में ‘पुश्ड टू बी…’ कहा जाता है? क्या राजनीतिक मुद्दे उनके लिए एक बड़े और कठिन संकट की ओर बढ़ रहे हैं?
मैं आपसे बहुत साफ कह रहा हूं। इसका एक बहुत बड़ा कारण है। विपक्ष के पास अभी भी समय है कि वह उस पर केंद्रित हो।
कारण यह है कि आपने लोकतंत्र के संकट और लोकतंत्र के अपहरण के मुद्दे को, वोट चोरी और एसआईआर के जरिए सामने आए सवालों को केंद्रीय मुद्दा बनाया और इसे बहुत लोकप्रिय भी कर दिया।
लेकिन इसमें एक चीज छूट गई। वह यह कि आर्थिक संकट से जुड़े पहलू और सवाल छूट गए।
मसलन, बेरोजगारी का सवाल। कितने करोड़ लोग बेरोजगार हैं? कम से कम 250 सांसदों को एक साथ जाकर धरना देना चाहिए। चाहे वे जंतर-मंतर पर बैठें या रामलीला मैदान में।
कारण क्या है? जब तक आप आर्थिक संकट को राजनीति के केंद्र में नहीं लाएंगे, नरेंद्र मोदी नहीं जाएंगे। मैं आपसे बहुत साफ कह रहा हूं।
क्योंकि राजनीतिक संकट को संभालना संभव है। आर्थिक संकट की अनुभूति जितनी तीव्र होगी, उसे संभालना उतना ही मुश्किल होगा।
अभी क्या हो रहा है? जहां-जहां मोदी जा रहे हैं, वहां एक पैकेज घोषित कर देते हैं। उसके बाद पैसा देते हैं और लोग शांत हो जाते हैं।
समस्या यह है कि आर्थिक संकट को केंद्रीय मुद्दा बनना चाहिए।
जहां-जहां इस तरह की प्रतिक्रियावादी ताकतें हारी हैं, वहां आर्थिक मुद्दे सबसे आगे थे। अमेरिका में ट्रंप की हार के संदर्भ में भी अमेरिकी अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दे सामने थे। इसी वजह से वहां रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
लेकिन हमारे यहां पिछले चुनावों पर ध्यान दीजिए। आर्थिक मुद्दे चुनावी अभियान के केंद्रीय मुद्दे नहीं हैं।
आप विपक्ष के नेताओं के सारे भाषण उठाकर देख लीजिए। वे जहां जाते हैं, वहां अलग-अलग मुद्दे उठाते हैं। कहीं राम मंदिर में चोरी की बात होती है, कहीं दिल्ली में वोट चोरी की।
वोट चोरी और राम मंदिर में चोरी जैसे मुद्दे जनता को समझ तो आते हैं, लेकिन ये जरूरी नहीं कि लोगों को मोदी के खिलाफ वोट देने के लिए प्रेरित भी करें।
मैं बहुत साफ कह रहा हूं। हमें यह बात समझनी होगी।
जनता को यह महसूस कराना होगा कि उसकी आमदनी चली गई है, वह बेरोजगार है। यह एहसास अभी जनता के बीच उतनी तीव्रता से पैदा नहीं हुआ है।
लोग जानते हैं कि वे बेरोजगार हैं। लेकिन जब आपने नीट परीक्षा के मामले में देखा कि छात्रों के बीच जागरूकता पैदा हुई, तो वे सड़कों पर निकल आए।
इसी तरह अगर हम आर्थिक मुद्दों को जनता के बीच ले जाते हैं और उन्हें आंदोलन का रूप देते हैं, तो बिना इसके आप मोदी को पराजित नहीं कर सकते। आंदोलन शांतिपूर्ण हो या किसी दूसरे स्वरूप का, आर्थिक सवालों को लेकर जनता की लामबंदी जरूरी है।
मैं बहुत साफ कह रहा हूं। बंगाल और बिहार में जितनी भयानक बेरोजगारी है, वैसी बेरोजगारी दूसरे राज्यों में शायद ही मिले। इसके बावजूद चुनावों में तमाम तरह के जोड़-तोड़ और धांधली करने में वे सफल रहे।
जनता अगर आंदोलित होती है और मतदान केंद्रों पर सक्रिय रूप से अपनी मौजूदगी दर्ज कराती है, तो चुनावी धांधली की गुंजाइश कम होती है। मैं बहुत व्यावहारिक बात कर रहा हूं।
जनता को आंदोलित करने का मतलब है उसे इस दिशा में तैयार करना कि मतदान केंद्रों पर उसकी सक्रिय भागीदारी और निगरानी हो। यह सुनिश्चित हो कि हर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके और किसी तरह की धांधली न होने पाए।
आपके इलाके में मतदान केंद्रों पर जनता की मजबूत मौजूदगी होनी चाहिए। बंगाल में इसे बूथ दखल कहा जाता है।
जब तक आप मतदान केंद्रों पर अपनी मौजूदगी मजबूत नहीं करेंगे, तब तक यह कैसे सुनिश्चित होगा कि वहां धांधली नहीं होगी?
मतदान के दिन वहां जनता मौजूद होनी चाहिए। पांच, सात या दस हजार लोगों की भीड़ भी अगर आसपास मौजूद रहती है, तो उसका मनोवैज्ञानिक प्रभाव पड़ता है। इससे यह संदेश जाता है कि वहां वोट की धांधली नहीं हो पाएगी।
अच्छा, लेकिन वहां तो अक्सर सन्नाटा रहता है। आप समझिए, मैं बहुत व्यावहारिक समस्या बता रहा हूं। यही वह स्थिति है, जिससे वे डरते हैं।
जिस तरह आपने जंतर-मंतर पर छात्रों को आंदोलित किया है, उसी तरह छात्रों और नौजवानों को आर्थिक मुद्दों पर एकजुट करके मतदान केंद्रों पर सक्रिय भागीदारी की दिशा में ले जाना होगा।
यही एजेंडा होना चाहिए।
यह एजेंडा नहीं होना चाहिए कि हमें सिर्फ मीटिंग में जाना है। मीटिंग में तो लोग जाएंगे ही, नेताओं के भाषण सुनेंगे ही। लेकिन मुझे अपने कैडर और अपने समर्थकों को, जो मेरी बात से सहमत हैं, सुबह से शाम तक मतदान केंद्रों पर सक्रिय रखना है।
जब तक आप ऐसी रणनीति नहीं बनाएंगे, तब तक न तो पुलिस की मनमानी का मुकाबला कर सकते हैं और न ही चुनाव के अंदर होने वाले हेरफेर का।
अभी क्या होता है? आप जानते हैं कि जगह-जगह मतदान एजेंटों को भगा दिया जाता है। बंगाल में भी यही हुआ।
ममता बनर्जी का आरोप है कि 100 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में उनके पोलिंग एजेंट और काउंटिंग एजेंटों को भगा दिया गया।
मतदान केंद्रों और मतगणना केंद्रों पर जनता की मजबूत मौजूदगी होनी चाहिए। मतगणना के दिन भी लोगों की निगरानी और भागीदारी जरूरी है।
लोग जानते हैं कि जनता को कैसे लामबंद किया जाए।
मैं पहली बात यही कहना चाहता हूं कि हमें ‘डेमोक्रेसी फ्रॉम बिलो’ यानी नीचे से लोकतंत्र को जिंदा करके लाना होगा। लोकतंत्र ऊपर से नहीं आएगा।
व्यापारियों और छोटे दुकानदारों के भीतर से डर खत्म करना होगा
इस पूरे प्रसंग में आखिरी बात यह है कि आज भी एक दहशत मौजूद है। यह सच है कि व्यापारियों में दहशत है। पूंजीपतियों में भी दहशत है और छोटे दुकानदारों में भी दहशत है।
सबके भीतर डर है। अभी यह डर खत्म नहीं हुआ है।
जनता के एक हिस्से के भीतर से दहशत निकली है और वह आंदोलन के लिए बाहर आ जाती है। लेकिन व्यापारियों के भीतर से डर नहीं निकला है।
व्यापारियों के भीतर से और उन रेहड़ी-पटरी वालों के भीतर से भी यह डर खत्म करना होगा। इस पर हमें विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए।
क्योंकि जनमत कौन बनाएगा? यही लोग जनमत बनाएंगे।
जब आप किसी सब्जी वाले को परेशान देखते हैं और उससे कोई सब्जी खरीदता है, तो वह एक-एक व्यक्ति से कहता है कि मैं बहुत परेशान हूं। मोदी बहुत सता रहा है। मोदी के लोग यह कर रहे हैं, मोदी के लोग वह कर रहे हैं।
इस तरह वह एक ऐसा अभियान चलाता है, जो किसी भी यूट्यूब चैनल के मुकाबले ज्यादा प्रभावी हो सकता है।
इसलिए छोटे से लेकर बड़े व्यापार तक में लगे तमाम लोगों को सचेत करना होगा कि वे अपनी बात कहें। उन्हें प्रेस में बयान देने की जरूरत नहीं है। उन्हें आम लोगों के बीच अपनी बात रखनी चाहिए।
दूसरी बात, जो बहुत बड़े पैमाने पर घट रही है और जिस पर कायदे से ध्यान दिया जाना चाहिए, वह यह है कि विपक्ष के लगभग सभी सक्रिय और बड़े नेता बीजेपी के साथ जा चुके हैं।
लेकिन जैसे ही आर्थिक दबाव पैदा होगा, वहां से भगदड़ मचेगी। मैं आपसे कह रहा हूं, आर्थिक मुद्दा अगर राजनीति के केंद्र में आ गया, तो भगदड़ मचेगी।
इसलिए हमारी कोशिश यह होनी चाहिए।
इस मामले में यह सोचकर काम नहीं चलेगा कि जो लोग पहले हमारा साथ छोड़कर चले गए थे, अब हम उन्हें वापस नहीं आने देंगे।
नहीं। विपक्ष को अपने आंदोलन का दायरा और अपने साथ लोगों को शामिल करने की गुंजाइश हमेशा खुली और व्यापक रखनी होगी। इसके बिना आप मोदी को पराजित नहीं कर सकते।
आपने एक बात नोटिस की होगी। पिछले दिनों उत्तराखंड में जो घटनाक्रम चल रहा है, उसका मैं एक छोटा-सा उदाहरण दे रहा हूं। वहां विपक्ष का कोई नेता टूटा नहीं है। आंदोलन चल रहा है, लेकिन वे किसी को तोड़ नहीं पाए हैं।
ठीक उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी अभी वे किसी को तोड़ नहीं पाए हैं।
इसका मतलब है कि नरेंद्र मोदी की लोगों को तोड़ने की क्षमता कम हुई है। वे अब भी लोगों को तोड़ सकते हैं, लेकिन उनकी यह क्षमता पहले जैसी नहीं रह गई है।
लोग समझने लगे हैं कि चाहे कुछ भी हो जाए, वे बिकेंगे नहीं।
इस भावना को और मजबूत करना होगा। ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करना होगा।
राहुल गांधी की इजराइल संबंधी आलोचना और भारतीय लोकतंत्र का सवाल
आखिरी बात बहुत जरूरी है। मैंने अचानक देखा कि मेरे वामपंथी मित्र राहुल गांधी को लेकर इजराइल के सवाल पर आक्रामक ढंग से सक्रिय हो गए हैं।
लेकिन हमारे देश का मसला इजराइल नहीं है। गाजा नहीं है। मैं बहुत साफ कहना चाहता हूं।
हमारे देश का मसला यह है कि यहां अल्पसंख्यकों की मस्जिदों और गिरजाघरों पर हमले हो रहे हैं। उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। तरह-तरह से उनकी नाकेबंदी की जा रही है।
सवाल यह है कि इन तमाम मुद्दों पर कांग्रेस का क्या रुख है?
इन सवालों पर बात करने की बजाय लोग अचानक क्लिपिंग निकालकर साझा कर रहे हैं। राहुल गांधी के भाषण का वह हिस्सा दिखा रहे हैं कि उन्होंने इजराइल के बारे में यह कहा और यह नहीं कहा।
अरे, आप चाहते हैं कि एक व्यक्ति भाषण देने जाए तो वह पूरे हिंदुस्तान और विदेशों से जुड़े तमाम मुद्दों पर बोल दे? वह हर मुद्दे पर मार्क्सवादी नजरिए से अपनी बात रखे?
आश्चर्य की बात है कि मार्क्सवादी नजरिए से सोचने वाले लोग भी यह बात नहीं समझ रहे हैं कि इस समय कौन-सा मुद्दा प्राथमिकता में है।
इस समय निशाने पर क्या है? लोकतंत्र निशाने पर है। कांग्रेस का केंद्रीय मुद्दा क्या है? लोकतंत्र हाथ से निकल रहा है, लोकतंत्र को वापस लाओ।
विदेश नीति इस समय निशाने पर नहीं है। इजराइल भी केंद्रीय मुद्दा नहीं है। ये दूसरे मुद्दे हैं।
नरेंद्र मोदी ने विदेश नीति को तो पूरी तरह नष्ट कर दिया है। कांग्रेस के लोग इस बात को व्यवस्थित ढंग से कई बार कह चुके हैं। इसे बार-बार दोहराने का कोई मतलब नहीं है।
इसलिए विदेश नीति के सवाल पर नरेंद्र मोदी पर हमला करने की बजाय हमारे तमाम वामपंथी मित्र जिस तरह राहुल गांधी को निशाना बना रहे हैं, वह दुखद है। इसमें केरल के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन का बयान भी शामिल है।
यह समय इस बात पर बहस करने का नहीं है कि कौन साम्राज्यवाद-विरोधी है और कौन इजराइल-विरोधी।
हमारे देश की समस्या यह है कि यहां लोकतंत्र खत्म हो रहा है। सवाल यह है कि इसे कैसे बचाया जाए?
राहुल गांधी अमेरिका इसी उद्देश्य से गए थे। उनका मकसद विदेश नीति पर अपनी लाइन बताना नहीं था। न ही यह बताना था कि विदेश नीति को लेकर उनका क्या नजरिया है।
उनका मकसद विदेशों में भी लोकतंत्र को लेकर एक व्यवस्थित जागरूकता पैदा करना था।
क्योंकि वहां लॉबिंग हो रही है। जनमत बनाने के लिए लॉबिंग फर्मों को खरीदा जा रहा है, उन्हें नियुक्त किया जा रहा है। कांग्रेस तो कोई लॉबिंग फर्म नियुक्त नहीं कर रही है। कांग्रेस के ऐसे कार्यक्रम ही एक तरह से उसके अभियान का काम करते हैं।
यह बात हमें अपने दिमाग में रखनी चाहिए।
मैं इस समय बहुत साफ और दो टूक कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी पर किया गया कोई भी हमला अंततः लोकतंत्र के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।
जब लोकतंत्र वापस आ जाए, तब राहुल गांधी और कांग्रेस की खूब आलोचना कीजिए। उनकी नीतियों की जमकर समीक्षा कीजिए और उनकी गलतियों पर सवाल उठाइए।
लेकिन अभी मुश्किल यह है कि फासीवाद और लोकतंत्र के संकट का मुकाबला करना है।
बहुत ईमानदारी से देखें तो कांग्रेस ने इस समय एक एजेंडा बनाया है कि फासीवाद के हाथों हमारा लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है। इससे कैसे बाहर निकलें और लोकतंत्र को कैसे बचाएं?
यह इस समय का सबसे महत्वपूर्ण सवाल है।
फिलहाल इतना ही।
FAQs
प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी के अनुसार राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के प्रोपेगैंडा को कैसे चुनौती दी?
उनके विश्लेषण के अनुसार, राहुल गांधी ने विकास-केंद्रित राजनीतिक विमर्श की जगह लोकतंत्र, वोट चोरी और लोकतांत्रिक संस्थाओं के संकट को केंद्रीय मुद्दा बनाया। इससे मोदी सरकार के विकास प्रचार को चुनौती मिली।
राहुल गांधी ने 2024 के बाद देश की राजनीति में क्या बदलाव किया?
प्रो. चतुर्वेदी का कहना है कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र के संकट को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने का काम किया। उनके अनुसार, यह विपक्ष की एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि है।
नरेंद्र मोदी का विकास मॉडल सवालों के घेरे में क्यों है?
प्रो. जगदीश्वर चतुर्वेदी के मुताबिक, मोदी सरकार के विकास प्रचार के बावजूद रोजगार, आमदनी और छोटे उद्योगों से जुड़े सवालों को विपक्ष ने राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठाया है।
प्रो. चतुर्वेदी के अनुसार मोदी सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
उनके विश्लेषण में बेरोजगारी, महंगाई और संभावित आर्थिक संकट बड़ी चुनौतियां हैं। उनका मानना है कि विपक्ष को इन मुद्दों पर जनता को संगठित करना चाहिए।
विपक्ष को नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने के लिए क्या करना चाहिए?
प्रो. चतुर्वेदी के अनुसार, विपक्ष को बेरोजगारी और आमदनी जैसे आर्थिक सवालों पर जनांदोलन खड़ा करना चाहिए। साथ ही मतदान केंद्रों और मतगणना केंद्रों पर लोकतांत्रिक भागीदारी तथा निगरानी मजबूत करनी चाहिए।
‘डेमोक्रेसी फ्रॉम बिलो‘ का क्या अर्थ है?
इसका अर्थ है नीचे से लोकतंत्र को मजबूत करना। प्रो. चतुर्वेदी जनता की सक्रिय भागीदारी, स्थानीय स्तर पर संगठन और लोकतांत्रिक निगरानी को इसकी बुनियाद मानते हैं।
प्रो. जगदीश्वर चतुर्वेदी ने राहुल गांधी की इजराइल संबंधी आलोचना पर क्या कहा?
उनका कहना है कि इस समय भारतीय राजनीति का प्राथमिक मुद्दा विदेश नीति नहीं, बल्कि देश में लोकतंत्र का संकट है। इसलिए राहुल गांधी की आलोचना करते समय इस राजनीतिक प्राथमिकता को समझना चाहिए।
क्या आर्थिक संकट नरेंद्र मोदी की राजनीतिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है?
प्रो. चतुर्वेदी का तर्क है कि बेरोजगारी, महंगाई और आमदनी में गिरावट जैसे आर्थिक सवाल जब जनता के बीच व्यापक राजनीतिक मुद्दे बनेंगे, तो सरकार के लिए उन्हें संभालना कठिन हो सकता है।






प्रातिक्रिया दे