hastakshep Logo

Live Hastakshep

लाइव हस्तक्षेप

COP31 में अमीर देशों की जीत, गरीब देशों की हार! जलवायु न्याय का क्या हुआ?

दुनिया के नेता जलवायु संकट पर चर्चा करने जुटे। कई दिनों तक बातचीत हुई। बड़े-बड़े वादे किए गए। लेकिन जब समझौते की बारी आई तो गरीब और विकासशील देशों के हाथ क्या लगा?

न फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने की ठोस योजना, न जलवायु आपदाओं से लड़ने के लिए जरूरी पैसे की गारंटी!

सबसे बड़ा सवाल है—क्या अमीर देश अपनी जिम्मेदारी से बच निकले और जलवायु संकट की कीमत गरीब देशों को चुकानी पड़ेगी?

तुर्किये के अंताल्या में हुए COP31 सम्मेलन के नतीजे दुनिया के सामने कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। आज हम समझेंगे कि जलवायु समझौते के नाम पर आखिर हुआ क्या?

COP31 का नतीजा ढाक के तीन पात

डॉ सीमा जावेद

नई दिल्ली, 22 नवंबर 2026. COP31 की पूरी बातचीत वैश्विक तनाव, आर्थिक अनिश्चितता और बढ़ते जलवायु खतरों के साये में हुई है। एक तरफ सरकारों पर अपनी ऊर्जा की ज़रूरतों को पूरा करने का जटिल समस्या है, उद्योगों को बनाए रखने और सरकारी खजाने को संभालने का दबाव था, तो दूसरी तरफ विकासशील देश जलवायु बदलावों के मुताबिक खुद को ढालने के बढ़ते खर्च और लगातार बढ़ती आपदाओं से जूझ रहे है । लेकिन केवल ये मुश्किल वैश्विक माहौल ही इस नाकामी की पूरी वजह नहीं है ।

क्या है COP31

COP31 (31वां संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन) तुर्किये के अंताल्या में आयोजित एक वार्षिक वैश्विक जलवायु शिखर सम्मेलन है, जो 22 नवंबर 2026 को बिना किसी औपचारिक जलवायु समझौते के समाप्त हो गया।

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) के मुताबिक, यह सम्मेलन बीती 9 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक अंताल्या एक्सपो सेंटर (तुर्किये) में निर्धारित था, लेकिन दो दिन के अतिरिक्त समय के बाद अब तक के सबसे लंबे जलवायु सम्मेलन के रूप में बिना किसी आम सहमति के समाप्त हुआ।

संयुक्त राष्ट्र की प्रतिक्रिया. संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बिना किसी जलवायु समझौते के सम्मेलन समाप्त होने को एक “गहरा निराशाजनक” झटका बताया है।

मेजबान देश तुर्किये ने 2035 तक अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी को 35% तक बढ़ाने का लक्ष्य प्रस्तावित किया था, लेकिन अंतिम समझौता न हो पाने के कारण यह औपचारिक रूप से पारित नहीं हो सका।

COP31 पर किसने क्या कहा ?

पेरिस COP में भारत के मुख्य वार्ताकार और इंटरनेशनल सोलर अलायंस के पूर्व महानिदेशक डॉ. अजय माथुर ने कहा कि –

“एनर्जी के मामले में समझौते का मसौदा सही दिशा की ओर इशारा करता है। इसमें बिजली के इस्तेमाल को बढ़ाने और बिजली ग्रिड को आधुनिक बनाने को एनर्जी ट्रांजिशन के अगले चरण के रूप देखा जा रहा है ।

फ़ाइनेंस के मामले में विकासशील देश अंताल्या में यह जानने आए थे कि पैसा कौन देगा, कितना देगा और किन शर्तों पर देगा। समझौते में अनुच्छेद 9.1 का स्पष्ट उल्लेख और अनुकूलन के लिए फ़ाइनेंस जुटाने का रोडमैप दिया गया है। यह वास्तविक प्रगति है। हालांकि, इसमें कोई निश्चित रकम तय नहीं की गई है। अनुकूलन फ़ाइनेंस को तीन गुना करने का आधार क्या होगा, यह भी नवंबर 2027 तक तय नहीं होगा।

किसी समझौते की असली अहमियत तभी है, जब उसमें शामिल प्रक्रियागत प्रावधान ठोस प्रतिबद्धताओं में बदलें। अब 2027 में यही काम करना होगा।”

आरती खोसला, (डायरेक्टर, क्लाइमेट ट्रेंड्स) ने कहा कि –

“कवर फैसले पर देशों के बीच सहमति नहीं बन पाना दिखाता है कि राजनीतिक इच्छाशक्ति और जवाबदेही की कितनी कमी है। रविवार तक बातचीत चलने के बावजूद देश फॉसिल फ्यूल से दूर जाने की दिशा में कोई ठोस प्रतिबद्धता नहीं जता सके। जलवायु सुरक्षा पर भी बात नहीं हो सकी। इसके बजाय कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (CCUS) जैसी तकनीक पर जरूरत से ज्यादा जोर दिया गया। यह तकनीक अभी पूरी तरह परखी नहीं गई है। इसे लेकर गंभीर चिंताएं हैं, क्योंकि दुनिया के कई हिस्सों में इसका जंगलों और खाद्य सुरक्षा पर बुरा असर पड़ सकता है।“

उन्होंने आगे कहा कि

“पूरे समझौते में गंभीर इरादे की कमी दिखाई देती है और कई जगह भाषा को कमजोर किया गया है। पेरिस समझौते के अनुच्छेद 9.1 को फिर से शामिल करना अहम है। यह अनुच्छेद विकसित देशों की इस जिम्मेदारी से जुड़ा है कि वे विकासशील देशों को जलवायु कार्रवाई के लिए वित्तीय मदद दें। लेकिन इसके साथ कोई ठोस प्रक्रिया नहीं जोड़ी गई है। विकसित देशों ने यह सुनिश्चित किया कि जलवायु कार्रवाई के लिए वित्तीय मदद देने की उनकी जिम्मेदारी को मापने का कोई स्पष्ट पैमाना न हो। वहीं, फॉसिल फ्यूल के बड़े उत्पादकों ने उत्सर्जन घटाने से जुड़ी मजबूत भाषा को शामिल नहीं होने दिया। नतीजा यह हुआ कि सहमति तो बनी, लेकिन उसमें जिम्मेदारियों से बचने की गुंजाइश छोड़ दी गई।“

आरती खोसला ने आगे जोड़ा-

“भारत के लिए यह स्थिति समानता और भरोसे से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करती है। इस नतीजे से जलवायु व्यवस्था में पहले से मौजूद असमानता और मजबूत होती है। कार्रवाई की अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन उस कार्रवाई को जमीन पर उतारने के लिए जरूरी संसाधन और वित्तीय मदद मिलेंगे या नहीं, यह अब भी साफ नहीं है।”

विभूति गर्ग (निदेशक, दक्षिण एशिया (IEEFA), इंस्टीट्यूट फॉर एनर्जी इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंशियल एनालिसिस) ने कहा कि – “समझौते में समस्याओं को पहचाना तो गया है, लेकिन उनके समाधान के लिए जरूरी फ़ाइनेंस, जवाबदेही और अमल की ठोस प्रतिबद्धताएं नहीं दिखाई देतीं। इसे जलवायु कार्रवाई में किसी बड़े बदलाव की शुरुआत कहने के बजाय एक ऐसी व्यवस्था कहना बेहतर होगा, जिसमें फिलहाल बातचीत को आगे बढ़ाने की गुंजाइश रखी गई है।

पश्चिम एशिया के संघर्ष के बाद वैश्विक एनर्जी बाजार में आए झटके से यह बात और साफ हो जानी चाहिए थी कि अंतरराष्ट्रीय बाजार से खरीदे जाने वाले फॉसिल फ्यूल पर निर्भरता अर्थव्यवस्थाओं को आपूर्ति में रुकावट, कीमतों में उतार-चढ़ाव और सरकारी फ़ाइनेंस पर दबाव के जोखिम में डालती है।

इसके मुकाबले, रिन्युब्ल एनर्जी से चलने वाली बिजली व्यवस्था, जिसमें एनर्जी भंडारण और मजबूत ग्रिड भी शामिल हों, एनर्जी सुरक्षा और जलवायु कार्रवाई दोनों को मजबूत कर सकती है। समझौते में इस संभावना को स्वीकार तो किया गया है, लेकिन इसे जमीन पर उतारने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।”

फ़ाइनेंस के मुद्दे पर विभूति गर्ग ने कहा –

“जलवायु नुकसान लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके लिए जरूरी वित्तीय फैसलों को टालते रहना कोई पर्याप्त जवाब नहीं है। समझौते में खुद माना गया है कि 2035 तक विकासशील देशों को जलवायु अनुकूलन के लिए हर साल 305 अरब डॉलर की जरूरत होगी। इसके बावजूद अनुकूलन फ़ाइनेंस को तीन गुना करने के लिए मौजूदा आधार तय नहीं किया गया है और इसे लागू करने के तरीके पर चर्चा भी आगे के लिए टाल दी गई है।

बढ़ती बाढ़, लू और तूफानों का सामना कर रहे समुदायों को अभी भरोसेमंद वित्तीय मदद चाहिए। यह मदद अनुदान के रूप में होनी चाहिए, साथ ही बीच-बीच में यह भी तय होना चाहिए कि कितनी रकम और कब तक दी जाएगी। उन्हें एक और ऐसा रोडमैप नहीं चाहिए जिसके साथ फ़ाइनेंस मिलने की कोई गारंटी न हो।”

बिजली के इस्तेमाल को बढ़ाने पर विभूति गर्ग ने कहा

“2035 तक अंतिम एनर्जी खपत में बिजली की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य एक उपयोगी संकेत है। लेकिन ‘जितना संभव हो, स्वच्छ एनर्जी का इस्तेमाल’ करने की बात रिन्युब्ल एनर्जी से चलने वाली बिजली व्यवस्था बनाने की कोई पक्की प्रतिबद्धता नहीं है।

अगर बिजली के बढ़ते इस्तेमाल को रिन्युब्ल एनर्जी के विस्तार और फॉसिल फ्यूल की जगह स्वच्छ एनर्जी अपनाने से स्पष्ट रूप से नहीं जोड़ा जाता, तो इस लक्ष्य के तहत कोयले और गैस से बिजली बनाने की गुंजाइश बनी रहती है।

इस लक्ष्य के साथ रिन्युब्ल एनर्जी, बिजली ग्रिड, एनर्जी भंडारण और अंतिम उपयोग के क्षेत्रों में बिजली का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए एक अलग वित्तीय पैकेज होना चाहिए था। इसे रिन्युब्ल एनर्जी की क्षमता तीन गुना करने के लक्ष्य को पूरा करने से भी जोड़ा जाना चाहिए था।”

जलवायु परिवर्तन और हरित अर्थव्यवस्था, सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की कार्यक्रम प्रबंधक अवंतिका गोस्वामी ने कहा कि

“समझौते का मसौदा बिखरा हुआ और कई हिस्सों में बंटा हुआ है, लेकिन इससे यह संकेत जरूर मिलता है कि एनर्जी ट्रांजिशन के अगले चरण में जलवायु कार्रवाई किस दिशा में आगे बढ़ सकती है।

एनर्जी व्यवस्था के लिए यह महत्वपूर्ण है कि समझौते में बिजली ग्रिड को आधुनिक बनाने, बिजली प्रणाली को मांग और आपूर्ति में होने वाले बदलावों के अनुसार ढालने और बिजली के ट्रांसमिशन तथा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत करने जैसी चुनौतियों को जगह दी गई है।

हालांकि, COP के दौरान देशों और सिविल सोसाइटी संगठनों ने जिस तरह की बातचीत और प्रक्रिया का सामना किया, उसके बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता। वहां अलग-अलग नैरेटिव गढ़े गए, एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए और G77 देशों की एकता को कमजोर करने की कोशिशें हुईं।

अब अंतिम पूर्ण अधिवेशन में यह साफ होगा कि देश इस दिशा को लेकर वास्तव में क्या सोचते हैं।”

लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स विजिटिंग सीनियर फेलो, लाबन्या जेना (Labanya Prakash Jena) ने कहा कि

“समझौते में माना गया है कि आने वाले कुछ वर्षों में वैश्विक तापमान वृद्धि 1.5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की आशंका है। इसमें मौजूदा राष्ट्रीय योजनाओं के आधार पर तापमान वृद्धि करीब 2.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान भी दिया गया है। यह 2015 में तय पेरिस समझौते के उस लक्ष्य से काफी ज्यादा है, जिसके तहत तापमान वृद्धि को 2 डिग्री सेल्सियस से काफी नीचे रखना था।

जलवायु फ़ाइनेंस के मामले में भी कोई प्रगति नहीं हुई है। खासकर अनुकूलन के लिए विकासशील देशों को जितने फ़ाइनेंस की जरूरत है और जितना फ़ाइनेंस वास्तव में उपलब्ध हो रहा है, उनके बीच का अंतर कम नहीं हुआ है।

सिर्फ यह मान लेने से कि अनुकूलन के लिए फ़ाइनेंस की जरूरत है, पैसा उपलब्ध नहीं हो जाएगा। समझौते में स्थानीय समुदायों की अगुवाई में और पारिस्थितिकी तंत्र पर आधारित अनुकूलन को भी बढ़ावा दिया गया है। लेकिन सवाल वही है कि इसके लिए फ़ाइनेंस और तकनीक कहां से आएगी?

समझौते में अनुकूलन और जलवायु मजबूती के लिए अंताल्या-अदीस अबाबा रोडमैप भी शुरू किया गया है। इसे लागू करने के लिए पर्याप्त धन तुरंत और उचित शर्तों पर उपलब्ध कराना होगा।”

कम विकसित देशों (LDCs) के नेपाली वार्ताकार और प्रकृति रिसोर्सेज सेंटर के कार्यकारी निदेशक राजूपंडित छेत्री ने कहा कि

“यह बेहद निराशाजनक है कि अनुकूलन के लिए फ़ाइनेंस के मुद्दे को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। कमजोर और जलवायु जोखिमों से सबसे ज्यादा प्रभावित विकासशील देशों ने 2035 तक अनुकूलन फ़ाइनेंस को बढ़ाकर सालाना 120 अरब डॉलर करने की मांग की थी। इस मांग को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया।”

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक फाइनेंस एंड पॉलिसी में एसोसिएट प्रोफेसर, सुरंजली टंडन ने कहा कि

“COP31 में अनुकूलन के लिए फ़ाइनेंस सबसे अहम मुद्दा रहा। जलवायु अनुकूलन के लिए ऐसी वित्तीय मदद चाहिए जो आसान शर्तों पर मिले। 2035 तक अनुकूलन फ़ाइनेंस को कम से कम तीन गुना करने की मांग विकासशील देशों को विकसित देशों की जवाबदेही तय करने में मदद कर सकती है।

लेकिन किसी भी प्रतिबद्धता की ताकत इस बात पर निर्भर करती है कि उसे कितनी स्पष्टता से परिभाषित किया गया है। अभी यह साफ होना बाकी है कि कितनी रकम दी जाएगी, इसकी गणना के लिए आधार क्या होगा और जरूरतमंद देशों को यह पैसा कैसे मिलेगा।

समझौते में उत्सर्जन घटाने से जुड़े कुछ बड़े लक्ष्य भी रखे गए हैं। इनमें 2035 तक बिजली की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत तक पहुंचाना, कार्बन कैप्चर को गीगाटन स्तर तक ले जाना और 2030 तक वनों की कटाई रोककर वन क्षेत्र को फिर बढ़ाना शामिल है।

लेकिन इन लक्ष्यों को फिलहाल आकांक्षाओं के तौर पर रखा गया है। अगर आगे चलकर इन्हें औपचारिक लक्ष्य बना दिया जाता है, तो विकासशील देशों पर उत्सर्जन घटाने की नई अपेक्षाएं बढ़ेंगी। इसके साथ उन्हें पूरा करने के लिए जरूरी फ़ाइनेंस और संसाधनों की स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं है।

अनुकूलन के लिए अधिक फ़ाइनेंस उपलब्ध करा देना, विकासशील देशों पर बढ़ने वाली उत्सर्जन घटाने की इस अतिरिक्त जिम्मेदारी की भरपाई नहीं कर सकता।”

फिल द फंड अभियान के ग्लोबल कन्वीनर और सतत संपदा क्लाइमेट फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक हरजीत सिंह ने समग्र नतीजों पर कहा –

“अमीर देश अपने यहां फॉसिल फ्यूल जलाते रहें और दूसरे देशों में इसका उत्पादन बढ़ाते रहें, लेकिन गरीब देशों को जलवायु कार्रवाई के लिए महत्वाकांक्षी कदम उठाने की सीख देते रहें। यह नहीं चल सकता।

जो लोग जलवायु संकट की सबसे बड़ी मार झेल रहे हैं, उनके लिए पैसा नहीं है और फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने की कोई योजना भी नहीं है। ऐसे में हम एक ऐसी दुनिया की ओर बढ़ रहे हैं जो पहले से ज्यादा गर्म, भूखी और असमान होगी।

विकासशील देशों को ऐसा समझौता स्वीकार नहीं करना चाहिए जिसमें अनुकूलन फ़ाइनेंस की उनकी मांग, नुकसान और क्षति के लिए जरूरी मदद की कमी और उनका कर्ज संकट ही गायब कर दिया जाए।

अंताल्या दुनिया को ऐसा समझौता नहीं दे सकता जो मौत का फरमान हो, लेकिन उसे समझौते का नाम दे दिया गया हो। इससे अमीर देशों को बाढ़ में डूब रहे और लू में झुलस रहे लोगों की जिम्मेदारी से बच निकलने का मौका नहीं मिलना चाहिए।”

फॉसिल फ्यूल के मुद्दे पर उन्होंने कहा

“समझौते के पूरे दस्तावेज में ‘फॉसिल फ्यूल’ शब्द का कहीं उल्लेख नहीं है। COP28 में हुई सहमति का जिक्र भी केवल प्रस्तावना में ‘UAE Consensus को याद करते हुए’ के रूप में किया गया है।

तीन साल पहले किए गए वादे को याद कर लेना उसे पूरा करने की योजना नहीं है। अमीर फॉसिल फ्यूल उत्पादक देश शब्दों और भाषा की इस लड़ाई में जीत रहे हैं, जबकि इसकी कीमत विकासशील देशों के अरबों लोगों को चुकानी पड़ रही है।”

अनुकूलन के लिए फ़ाइनेंस पर उन्होंने कहा

“इस समझौते में 120 अरब डॉलर का कोई आंकड़ा नहीं है। देश सिर्फ इस बात पर सहमत हुए हैं कि 2027 में अनुकूलन फ़ाइनेंस को तीन गुना करने के रास्ते पर चर्चा करेंगे।

लेकिन बाढ़ और लू 2027 तक इंतजार नहीं करेंगी। अमीर देश पैसा देने के बजाय बातचीत का भरोसा दे रहे हैं।

अंताल्या-अदीस अबाबा रोडमैप का उद्देश्य अनुकूलन फ़ाइनेंस को बढ़ावा देना है। इसमें फ़ाइनेंस जुटाने के नए तरीकों की भी बात है, लेकिन सार्वजनिक धन का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है।

अदीस अबाबा तक पहुंचने का रास्ता सार्वजनिक धन से बनना चाहिए, इस वादे से नहीं कि बातचीत आगे भी जारी रहेगी।”

जलवायु फ़ाइनेंस की जिम्मेदारी पर उनका कहना है कि

“समझौते में पेरिस समझौते के अनुच्छेद 9.1 का फिर से उल्लेख किया गया है। इस अनुच्छेद के तहत विकसित देशों की जिम्मेदारी है कि वे विकासशील देशों को वित्तीय मदद दें।

लेकिन इसके साथ कोई निश्चित रकम नहीं जोड़ी गई है। अमीर देशों ने खुशी-खुशी उस प्रावधान को याद कर लिया जो कहता है कि उन्हें पैसा देना होगा, लेकिन उन सभी आंकड़ों को हटा दिया जिनसे यह पता चल सकता था कि वे वास्तव में कितनी मदद दे रहे हैं।”

नुकसान और क्षति (Loss and Damage) पर उनका मत है कि

“नुकसान और क्षति के लिए बने फंड की प्रगति का स्वागत तो किया गया है, लेकिन 2.8 अरब डॉलर की मांग और सिर्फ 342 मिलियन डॉलर के आवंटन के बीच का अंतर समझौते से हटा दिया गया है। अंताल्या-अदीस अबाबा रोडमैप से ‘नुकसान और क्षति’ का उल्लेख भी हटा दिया गया है।

खाली फंड की तारीफ करने से उसमें पैसा नहीं आ जाता। और कमी के आंकड़े हटा देने से उन परिवारों का नुकसान खत्म नहीं हो जाता जिन्होंने अपनी सब कुछ खो दिया है।”

एनर्जी और गलत समाधानों पर उनकी राय है कि

“रिन्युब्ल एनर्जी की क्षमता तीन गुना करने और एनर्जी दक्षता दोगुनी करने के लक्ष्य हटा दिए गए हैं। दूसरी ओर, 2035 तक कार्बन कैप्चर को गीगाटन स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य शामिल किया गया है।

यह फॉसिल फ्यूल उद्योग की एनर्जी योजना है, जिस पर संयुक्त राष्ट्र की मुहर लगा दी गई है।”

न्यायसंगत एनर्जी ट्रांजिशन पर उनका साफ कहना है

“न्यायसंगत एनर्जी ट्रांजिशन के रास्तों पर सिर्फ एक पैराग्राफ दिया गया है। न कोई व्यवस्था है और न ही फ़ाइनेंस का प्रावधान।

बेलेम में न्यायसंगत एनर्जी ट्रांजिशन के लिए व्यवस्था बनाने पर सहमति के एक साल बाद अब सिर्फ एक पैराग्राफ बचा है। लेकिन मजदूर और स्थानीय समुदाय सिर्फ रास्तों की बातों से अपना पेट नहीं भर सकते।”

भारत की स्वच्छ और न्यायसंगत एनर्जी ट्रांजिशन, E3G के सीनियर पॉलिसी एडवाइजर नकुल शर्मा का कहना है कि

“यह समझौते का मसौदा कई हिस्सों में बंटा हुआ समझौता है, लेकिन एनर्जी ट्रांजिशन के अगले चरण को लेकर इसमें कुछ सही बातें शामिल हैं।

बिजली ग्रिड, बिजली प्रणाली में लचीलापन लाने और ट्रांसमिशन तथा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत करने की जरूरत को इसमें मान्यता दी गई है। अनुच्छेद 9.1 का स्पष्ट उल्लेख भी किया गया है।

लेकिन इस महत्वाकांक्षा को मजबूत आधार देने वाली बातें इसमें गायब हैं। 2035 तक बिजली की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत करने का लक्ष्य तो है, लेकिन फॉसिल फ्यूल से बाहर निकलने का कोई उल्लेख नहीं है। रिन्युब्ल एनर्जी की क्षमता तीन गुना करने और एनर्जी दक्षता दोगुनी करने जैसे ग्लोबल स्टॉकटेक लक्ष्यों से भी इसका संबंध कमजोर कर दिया गया है।

इन लक्ष्यों के बिना बिजली का इस्तेमाल बढ़ाने से 1.5 डिग्री सेल्सियस का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल होगा।

इसके अलावा, 2035 तक कार्बन कैप्चर को गीगाटन स्तर तक पहुंचाने की आकांक्षा भी कई सवाल खड़े करती है। इसके वैज्ञानिक आधार को लेकर स्पष्टता जरूरी है। यह जोखिम भी है कि इससे उत्सर्जन के स्रोत पर ही कटौती करने के प्रयासों से ध्यान हट सकता है।

COP31 को अब पहले से की गई प्रतिबद्धताओं और उन्हें पूरा करने के लिए जरूरी कार्रवाई के बीच एक भरोसेमंद कड़ी बनानी होगी।“

FAQs

प्रश्न . COP31 क्या है?

COP31 संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन के तहत आयोजित 31वां वार्षिक जलवायु सम्मेलन है। 2026 में इसका आयोजन तुर्किये के अंताल्या में हुआ।

प्रश्न . COP31 का नतीजा क्या रहा?

प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, सम्मेलन अतिरिक्त वार्ता के बावजूद बिना किसी औपचारिक जलवायु समझौते के समाप्त हुआ।

प्रश्न . COP31 में जलवायु वित्त का मुद्दा क्यों महत्वपूर्ण था?

विकासशील देशों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने, बाढ़, लू और तूफानों से बचाव तथा अनुकूलन के लिए बड़ी वित्तीय सहायता की जरूरत है। लेकिन वित्तीय मदद की निश्चित रकम और उसे उपलब्ध कराने की स्पष्ट व्यवस्था पर सहमति नहीं बन सकी।

प्रश्न . COP31 में 305 अरब डॉलर का क्या महत्व है?

रिपोर्ट में उल्लेखित समझौते के अनुसार, 2035 तक विकासशील देशों को जलवायु अनुकूलन के लिए हर साल 305 अरब डॉलर की जरूरत बताई गई है।

प्रश्न . COP31 में फॉसिल फ्यूल पर क्या हुआ?

रिपोर्ट में विशेषज्ञों के हवाले से कहा गया है कि अंतिम दस्तावेज में जीवाश्म ईंधन से बाहर निकलने की कोई ठोस प्रतिबद्धता शामिल नहीं हुई।

प्रश्न . जलवायु न्याय क्या है?

जलवायु न्याय का अर्थ है कि जलवायु संकट के लिए जिम्मेदारी, उसके प्रभाव और उससे निपटने के संसाधनों के वितरण में समानता और न्याय सुनिश्चित किया जाए।

  • Amalendu Upadhyay

    अमलेन्दु उपाध्याय hastakshep.com के संपादक हैं। उन्हें 35 वर्ष से अधिक प्रिन्ट, इलैक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया का अनुभव है। वह राजनीति, समसामयिकी, पर्वारण, स्वास्थ्य, मानवाधिकार जैसे मुद्दों पर मुखरता के साथ लिखते और बोलते हैं।

  • Dr Seema Javed

    डॉ सीमा जावेद के बारे में जानकारी

    डॉ. सीमा जावेद एक वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक, जलवायु परिवर्तन विशेषज्ञ, और स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं। वह रमुख हिंदी समाचार माध्यमों — दैनिक भास्कर, अमर उजाला, नवभारत टाइम्स, प्रभात खबर साथ ही हस्तक्षेप जैसे स्वतंत्र मंचों में नियमित रूप से कॉलम लिखती रही हैं। साथ ही, वह कई गैर‑लाभकारी संस्थाओं (Non‑Profit Organisations) में क्लाइमेट चेंज एवं क्लीन एनर्जी के संचार सलाहकार (Communication Consultant) के रूप में कार्यरत रही हैं। वह कई गैर-लाभकारी संस्थाओं में संचार सलाहकार रही हैं और स्वतंत्र कॉलम लेखन करती हैं।

    Dr Seema Javed

प्रातिक्रिया दे

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

एक त्रुटि हुई है, शायद इसका मतलब है कि फीड बंद है। बाद में पुन: प्रयास करें।

Trending

Discover more from Live Hastakshep

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading