Current affairsVideo

हिंदू अस्मिता का अंत हो चुका है? RSS के हिंदू राष्ट्र की राजनीति पर प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी का बड़ा सवाल

हिंदू राष्ट्र बनाम संविधान: RSS का खतरनाक एजेंडा! | प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी का विश्लेषण | hastakshep

क्या हिंदू अस्मिता का अंत हो चुका है और RSS का हिंदू राष्ट्र का सपना आधुनिक भारत की वास्तविकता से टकराता है? प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी ने अपने विश्लेषण में मनुस्मृति, जाति व्यवस्था, अस्पृश्यता, संस्कृत भाषा, मोहन भागवत और भारतीय संविधान को लेकर कई तीखे सवाल उठाए हैं। उनका तर्क है कि मनुस्मृति में परिकल्पित हिंदू समाज की पुरानी संरचना समाप्त हो चुकी है और आधुनिक भारत की पहचान धर्म नहीं, बल्कि नागरिकता, समानता, लोकतंत्र और संविधान है। जानिए हिंदू अस्मिता और RSS की राजनीति पर उनके पूरे विचार…

  • जाति, धर्मनिरपेक्षता और RSS: असली खेल बेनकाब!
  • हिंदू राष्ट्र बनाम संविधान: RSS का खतरनाक एजेंडा!
  • मनुस्मृति और RSS: क्या भारत का भविष्य खतरे में है?
  • क्या मनुस्मृति ही RSS का असली लक्ष्य है?

प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी

आज हम एक ऐसे विषय पर बात करेंगे, जिसका सीधा संबंध वर्तमान राजनीति और आरएसएस के दृष्टिकोण से है।

हिंदू अस्मिता का अंत और RSS का असली खेल

मैं बहुत ही विनम्रता से कहना चाहता हूं कि हिंदू पहचान का अंत हो चुका है। जिन लोगों को लगता है कि हिंदू की एक अलग आइडेंटिटी है, वह बनी रहेगी और हिंदू अस्मिता विश्व की अस्मिता का नेतृत्व करेगी, वे गलतफहमी के शिकार हैं।

पिछले कई दिनों से यह प्रसंग हमारे बीच आता रहा है कि हम हिंदू हैं, हिंदू हैं और सारा राष्ट्र हिंदू है।

अगर आप यह कहना चाहते हैं कि आपको बोलने की आजादी है और आपको सबको हिंदू कहने की आजादी है, तो निश्चित तौर पर है। लेकिन अगर आप वास्तविकता को देखना चाहते हैं, तो आपको यह समझना होगा कि हिंदू के स्वरूप या उसकी पहचान को परिभाषित करने के जो आधार थे, वे क्या थे? किन प्रतिमानों के आधार पर हिंदू को देखा और समझा जाता था?

आज उस हिंदू का अंत हो चुका है, जिसकी कल्पना मनु ने की थी। उस हिंदू का अंत हो चुका है, जिसके बारे में स्मृतियों में लिखा गया था कि हिंदू को कैसा होना चाहिए।

वैसा हिंदू अब कहीं नहीं है। वह केवल कल्पना में है, लोगों के भाषणों में है। आप चाहें तो कह सकते हैं कि हम मनु को वापस लाना चाहते हैं। ले आइए। क्या यह संभव है? नहीं।

हिंदू राष्ट्र कैसे बनता है ?

झंडा फहराने से भारत हिंदू राष्ट्र नहीं हो जाता। राम मंदिर पर झंडा फहराइए, आरएसएस के कार्यालय पर झंडा फहराइए या संसद पर झंडा फहराइए, इससे हिंदू राष्ट्र नहीं बन जाता।

राष्ट्र के निर्माण, उसकी परिभाषा, उसके स्वरूप और उसकी अवधारणा के कुछ निश्चित पैमाने होते हैं। ये सार्वभौमिक पैमाने हैं।

क्या धर्म आधुनिक राष्ट्र का निर्माण कर सकता है?

दुनिया में कहीं भी, यहां तक कि पाकिस्तान में भी, जिन्ना के विचारों में भी, आधुनिक नेशन-स्टेट के निर्माण के आधार के रूप में धर्म को स्वीकार नहीं किया जा सकता। धर्म आधुनिक राष्ट्र का निर्माण नहीं कर सकता।

अगर आधुनिक राष्ट्र का निर्माण धर्म के आधार पर हो सकता, तो ईसाई देशों को धर्मनिरपेक्ष मार्ग चुनने की जरूरत क्यों पड़ती? ब्रिटेन को धर्मनिरपेक्ष समाज बनाने की क्या जरूरत थी? वह ईसाई समाज बना सकता था। अमेरिका को धर्मनिरपेक्ष समाज बनाने की क्या जरूरत थी? वह भी ईसाई समाज बना सकता था।

धर्म की मजबूत जड़ें जिन देशों में थीं, वहां भी धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र का गठन किया गया। क्योंकि आधुनिक राष्ट्र-राज्य के लिए यह बेहद जरूरी है कि उसका निर्माण आधुनिक आधारों पर हो।

लेकिन यह सामान्य-सी और बुनियादी बात आरएसएस के नेताओं की समझ में नहीं आती। मोहन भागवत की समझ में नहीं आती। उनके अनुयायियों की समझ में भी नहीं आती।

भारत हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं है ?

भारत हिंदू राष्ट्र नहीं, भाषाई और सांस्कृतिक विविधताओं वाला समाज है।

ज्यादा दूर क्यों जाना? जिन लोगों ने अपने राष्ट्र को धर्म के आधार पर प्रचारित किया हुआ है, क्या वहां राष्ट्र सिर्फ धर्म के आधार पर चल सकता है? नहीं चल सकता।

भारत की क्या स्थिति है?

एक हिंदू होने के लिए पहली शर्त यह थी कि वह अस्पृश्यता यानी अछूत व्यवस्था को माने।

आज भारत की स्थिति यह है कि देश में कहीं भी चले जाइए, कोई भी व्यक्ति अछूत व्यवस्था को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। कोई भी उस व्यवस्था के अनुसार आचरण करने को तैयार नहीं है।

अगर आप यह कहना चाहते हैं कि हिंदू धर्म और हिंदू समाज अछूत व्यवस्था के बिना भी बन सकता है, तो सवाल उठता है कि पहले लोगों ने ऐसा क्यों नहीं कर लिया? जाति प्रथा और वर्णाश्रम व्यवस्था को पहले ही क्यों नहीं खत्म कर दिया?

ऐसा नहीं कर पाए। क्योंकि आधुनिक राष्ट्र-राज्य के उद्भव और विकास के साथ ही अस्पृश्यता की व्यवस्था को समाप्त करने वाली परिस्थितियों का भी जन्म हुआ।

मोहन भागवत अच्छी तरह जानते हैं कि भारत हिंदू समाज नहीं, बल्कि भारतीय समाज है। यहां बंगाली समाज है, हिंदी समाज है, अवधी समाज है, भोजपुरी समाज है, कन्नड़ समाज है। ये तमाम समाज भाषाओं के आधार पर अपनी पहचान रखते हैं। धर्म के आधार पर पूरे समाज की एकरूपता कहीं नहीं है।

आज स्थिति क्या है?

कर्नाटक में रहने वाला मुसलमान किस भाषा का इस्तेमाल करता है? वह कन्नड़ का इस्तेमाल करता है। वह अरबी, फारसी या उर्दू का इस्तेमाल नहीं करता।

बंगाली समाज में रहने वाला मुसलमान कौन-सी भाषा बोलता है? भोजपुरी इलाके में रहने वाले मुसलमान कौन-सी भाषा का इस्तेमाल करते हैं?

और तो और, क्या हिंदू धर्म की भाषा हिंदी है? हिंदू धर्म की भाषा संस्कृत थी और आज भी वही उसकी पारंपरिक धार्मिक भाषा है। लेकिन संस्कृत में न कोई बोलना चाहता है और न ही उसके माध्यम से जीवन जीना चाहता है। संस्कृत को कोई पढ़ना नहीं चाहता।

हिंदू संस्कृति के धर्मग्रंथ संस्कृत में लिखे गए। दर्शन के ग्रंथ संस्कृत में लिखे गए। व्याकरण के ग्रंथ भी इसी भाषा में लिखे गए।

संस्कृत उस संस्कृति की भाषा थी, जिसे हम हिंदू संस्कृति कहते हैं।

आज उसकी क्या दशा है?

जब आप किसी संस्कृति को किसी एक भाषा के साथ या किसी एक धर्म के साथ जोड़ देंगे, तो उस संस्कृति से जुड़ी भाषा भी धीरे-धीरे सिकुड़ने लगेगी।

आज संस्कृत पढ़ने वालों की संख्या बहुत कम है। पूरे देश में 50 हजार से अधिक लोग भी संस्कृत को अपनी मातृभाषा के रूप में बोलते हैं या नहीं, यह एक बड़ा सवाल है।

संस्कृत एक महान भाषा है, जिसका जन्म भारत में हुआ। इसमें वेद लिखे गए, महान ऋषियों ने चिंतन किया। लेकिन आज उस संस्कृत को बोलने वाले लोग बहुत कम हैं। ऋषियों के कुलों और गोत्रों में पैदा हुए लोग भी अब संस्कृत में बात नहीं करते।

मोहन भागवत का गोत्र भी किसी न किसी ऋषि से जुड़ा होगा। आरएसएस की शाखाओं में जाने वाले लोग भी किसी न किसी गोत्र से जुड़े हुए हैं।

उन गोत्रों के प्रतीक पुरुष ऋषि संस्कृत में बोलते और लिखते थे।

आज कोई भारद्वाज गोत्र का हिंदू यह बता सकता है कि वह भारद्वाज ऋषि की भाषा बोलता है? क्या वह भारद्वाज ऋषि की परंपरा का अनुसरण करता है? नहीं।

इसलिए हिंदू समाज का विघटन और उसका अंत बहुत लंबे समय से चल रहा है। इसका एक सामान्य प्रतीक संस्कृत का लगातार सिकुड़ते जाना है।

मोहन भागवत और आरएसएस के उनके अनुयायियों को यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए कि स्मृतियों के अनुसार, मनु की कल्पना के अनुसार जिस हिंदू समाज का निर्माण हो सकता था, उसका अंत हो चुका है।

हिंदू समाज में बदलाव की नींव राजा राममोहन राय और समाज सुधारकों ने रखी

इस बदलाव की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका राजा राममोहन राय ने निभाई, जो स्वयं हिंदू थे। राजा राममोहन राय की मोहन भागवत से कोई तुलना ही नहीं है। कहां राजा भोज और कहां गंगू तेली!

जिन लोगों ने हिंदू धर्म की कुरीतियों और हिंदू पहचान की रूढ़ियों के खिलाफ संघर्ष किया, वे हिंदू धर्म को मानने वाले परिवारों में ही पैदा हुए थे। उन्होंने हिंदू धर्म की रूढ़ियों को चुनौती दी और आधुनिक राष्ट्र तथा समाज के निर्माण का रास्ता तैयार किया।

उन्होंने सबसे महत्वपूर्ण बात यह पहचानी कि आधुनिक राष्ट्र-राज्य का निर्माण हिंदू धर्म के बताए हुए रास्ते पर चलकर नहीं हो सकता।

अगर हिंदू धर्म के बताए रास्ते पर चलकर हिंदू राष्ट्र बनाया जा सकता था, तो तुलसीदास इसकी वकालत कर सकते थे।

तुलसीदास से अच्छी किताब हिंदी भाषी क्षेत्र में किसी ने नहीं लिखी। वाल्मीकि की संस्कृत रामायण आम लोगों में उतनी प्रचलित नहीं है, जितनी तुलसी की अवधी में लिखी रामायण है।

भारत में कौन-सी रामायण पढ़ी जाती है?

भारत में विभिन्न भाषाओं में लिखी गई रामायणें पढ़ी जाती हैं। स्थानीय भाषाओं में रामायण के 300 से अधिक संस्करण हैं। उनके अलग-अलग नाम हैं।

वे रामायणें पढ़ी जाती हैं, सुनाई जाती हैं और बोली जाती हैं।

हिंदू धर्म ने अपनी धार्मिक और शास्त्रीय भाषा के रूप में जिस भाषा को स्वीकार किया था, वह संस्कृत थी। लेकिन संस्कृत का समाज में बहुत पहले ही सिकुड़ाव हो चुका है।

आप अच्छे संस्कृत कॉलेजों में जाइए और देखिए कि वहां कितने विद्यार्थी पढ़ने जाते हैं। आरएसएस के लोग भी संस्कृत पढ़ने नहीं जाते।

जो आरएसएस के लोग पूरे देश को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं, मनु के रास्ते पर ले जाना चाहते हैं, वे खुद संस्कृत क्यों नहीं पढ़ते?

आरएसएस दावा करता है कि उसके 10 करोड़ लोग हैं। मान लीजिए, उसके पास सचमुच 10 करोड़ लोग हैं। लेकिन सिर्फ इतना बता दीजिए कि हिंदू होने के नाते वे संस्कृत पढ़ने क्यों नहीं जाते? उनके बच्चे अंग्रेजी क्यों पढ़ते हैं? अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा क्यों लेते हैं? सरस्वती शिशु मंदिर अलग से क्यों खोले गए? आरएसएस ने संस्कृत पाठशालाएं क्यों नहीं खोलीं, अगर वह वास्तव में हिंदू धर्म की रक्षा करना चाहता था?

आरएसएस का हिंदू धर्म, हिंदू समाज और उसके विकास से कोई वास्तविक संबंध नहीं है। यह सब वोट बैंक की राजनीति के लिए है। हिंदू धर्म, हिंदू समाज के नाम पर यह कैसा तमाशा है?

आप मंदिर में जाइए, मस्जिद में जाइए या गिरजाघर में जाइए, कोई आपत्ति नहीं। आप वहां लाल झंडा फहराइए, पीला झंडा फहराइए या हरा झंडा फहराइए, कोई आपत्ति नहीं।

झंडा फहराने से अगर सब कुछ हो जाता, तो स्वाधीनता संग्राम में कुर्बानी देने की जरूरत ही नहीं पड़ती। केवल झंडा फहराने से ही आजादी मिल जाती।

हिंदू राष्ट्र के नाम पर राजनीति और आरएसएस की भूमिका

सवाल यह है कि आरएसएस ने हिंदू राष्ट्र के निर्माण के लिए क्या कोई कुर्बानी दी? कोई कुर्बानी नहीं दी।

पंजाब में जब आतंकवादी हमले कर रहे थे और निर्दोष लोग मारे जा रहे थे, तब उन आतंकवादियों के निशाने पर आम नागरिक और सुरक्षाकर्मी थे। उस दौर में आरएसएस के पांच कार्यकर्ताओं को आतंकवादियों ने निशाना बनाया था या नहीं, इस सवाल पर भी विचार करना चाहिए।

मैं यह बात क्यों कह रहा हूं?

इसलिए कि हिंदू धर्म और हिंदू समाज के नाम पर जो पूरा फसाद खड़ा किया जा रहा है, वह अर्थहीन है। इसका संबंध वोट बैंक की राजनीति से है।

इसका वैज्ञानिक आधार क्या है? जब आतंकवादियों से लड़ाई लड़ी जा रही होती है, तब हिंदू राष्ट्र कहां चला जाता है और हिंदू राष्ट्र के रखवाले कहां चले जाते हैं?

मसलन, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के रोज हमले होते हैं। उनके शिकार कौन लोग होते हैं? आरएसएस के किसी व्यक्ति पर हमला होने या उसके किसी कार्यकर्ता के मारे जाने की घटनाएं सामने क्यों नहीं आतीं? वहां कौन लोग मारे जाते हैं? निर्दोष मुसलमान और दूसरे स्थानीय नागरिक भी आतंकवाद का निशाना बनते हैं।

आप नागालैंड जाइए, मणिपुर जाइए, मिजोरम जाइए। वहां उग्रवादियों के हमलों का निशाना कौन लोग बनते हैं? वहां के स्थानीय लोग, स्थानीय जनजातियों के लोग।

आपको सारा देश हिंदू राष्ट्र नजर आता है। देश में रहने वाले सभी लोग हिंदू नजर आते हैं, लेकिन जब आतंकवादी हमले होते हैं, तब आप कहीं भी लड़ते हुए नजर नहीं आते।

अयोध्या के मंदिर पर झंडा फहराने से आपको लगता है कि हिंदू राष्ट्र आ गया। सवाल यह है कि क्या आप पंजाब में आतंकवादियों से लड़ने गए थे? नहीं गए थे। क्या जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लड़ने गए थे? नहीं गए थे। क्या मणिपुर में आतंकवादियों से लड़ने गए थे? नहीं गए थे।

एक सामान्य-सी बात है, जिसे मैं सामान्य भाषा में समझाना चाहता हूं। आरएसएस की शैली है- ‘पर उपदेश कुशल बहुतेरे।’

और उनके उपदेशों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

मैं बहुत साफ कहना चाहता हूं कि स्मृतियों में जिस हिंदू की कल्पना की गई थी, जिस हिंदू धर्म की परिकल्पना की गई थी, उसका अंत हो चुका है।

रामानुजाचार्य और भक्ति आंदोलन ने चुनौती दी जाति व्यवस्था को

इस व्यवस्था के अंत की नींव किसने रखी? इसकी एक महत्वपूर्ण नींव दक्षिण भारत के रामानुजाचार्य ने रखी, जिन्होंने भक्ति आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने दक्षिण भारत में भक्ति आंदोलन को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई।

इस आंदोलन का उद्देश्य क्या था? जाति को स्वीकार नहीं करना और मंदिरों में सबके प्रवेश का रास्ता खोलना।

हिंदू धर्म की स्मृतियों के अनुसार मंदिरों में सबका प्रवेश नहीं था। अगर आज भारत को हिंदू राष्ट्र बना दिया जाए, जो कि संभव नहीं है, तो स्मृतियों की व्यवस्था के अनुसार मंदिरों में प्रवेश का अधिकार सबको नहीं मिलेगा। अधिकांश मंदिरों में प्रवेश का अधिकार सवर्ण जातियों तक सीमित हो जाएगा।

एक बहुत समझदारी की बात कहना चाहता हूं। सरकार आपके पास है। आप वोट बैंक की राजनीति करना चाहते हैं, कीजिए। लेकिन झूठ क्यों बोल रहे हैं?

एक जमाना था, जब जिस रास्ते से शंकराचार्य गुजरते थे, उस रास्ते से शूद्र नहीं गुजर सकते थे। केरल में ऐसे कई रास्ते रहे हैं, जहां जातिगत भेदभाव के कारण कुछ समुदायों के लोगों का प्रवेश वर्जित था।

आज क्या स्थिति है? शंकराचार्यों को लेकर घूमते रहते हैं। तमाम कल्ट गुरुओं, वेदांतियों और दूसरे धार्मिक व्यक्तित्वों के माध्यम से प्रचार करते हैं कि भारत हिंदू राष्ट्र है।

लेकिन आज क्या किसी भी सड़क पर यह संभव है कि सिर्फ ब्राह्मण निकलेंगे, सिर्फ बनिया निकलेंगे और शूद्र वहां से नहीं गुजरेंगे? क्या यह संभव है? नहीं।

रास्ते और परिवहन के साधन आज सभी जातियों के लिए खुले हैं। जब रास्ते सभी जातियों के लिए खुल गए और मंदिरों में सभी जातियों के प्रवेश का रास्ता खुल गया, तो स्मृतियों के आधार पर निर्मित हिंदू सामाजिक व्यवस्था का अंत हो गया।

और तो और, पुराने जमाने में गांवों के तालाब और कुएं भी जातियों के आधार पर बंटे होते थे। यह तालाब शूद्रों के लिए है और यह कुआं ब्राह्मणों के लिए है।

आज क्या यह संभव है कि दिल्ली या किसी दूसरे शहर में नगरपालिका यह फैसला कर ले कि हम शूद्रों को पानी नहीं देंगे, जबकि वही पानी ब्राह्मणों और दूसरी जातियों को दिया जाएगा? नहीं।

पानी का वितरण सबके लिए होने लगा, सड़कें सबके लिए खुल गईं, मंदिरों में प्रवेश के रास्ते खुले और शिक्षा के द्वार भी सबके लिए खुल गए। इन बदलावों की शुरुआत राजा राममोहन राय जैसे समाज सुधारकों ने की थी।

इस तरह हिंदू सामाजिक व्यवस्था की पुरानी संरचना बची नहीं। उसका अंत हो गया।

समुद्र यात्रा, प्रेम और रामायण के चरित्रों ने भी रूढ़ियों को चुनौती दी

एक सामान्य-सी बात है। पुराने समय में हिंदू समाज में यह मान्यता थी कि समुद्र पार की यात्रा नहीं करनी चाहिए। समुद्र पार जाने का निषेध था।

इस मान्यता को सबसे पहले किसने तोड़ा? समुद्र पार की यात्रा किसने की?

रामचंद्र जी ने की।

रामचंद्र जी ने यह रास्ता दिखाया कि स्मृतियों के दायरे में रहकर जीवन नहीं जिया जा सकता। मनुस्मृति और दूसरी स्मृतियों के आधार पर जिस हिंदू की कल्पना की जा रही थी, उसके दायरे में जीवन को बांधकर नहीं रखा जा सकता।

राम जी ने सीता से विवाह किया था। विवाह से पहले प्रेम किया और फिर विवाह किया।

अगर हिंदू राष्ट्र बनता है, तो प्रेम के लिए कोई जगह नहीं होगी। वहां सीधे विवाह की व्यवस्था होगी।

तो मैं राम की मानूं या मोहन भागवत की?

राम का चरित्र उन रूढ़ियों और सामाजिक भेदभावों को चुनौती देने वाले आख्यानों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है, जिन्हें मनुस्मृति और दूसरी स्मृतियों के आधार पर उचित ठहराया जाता रहा है। रामकथा में ऐसे प्रसंग हैं, जो अस्पृश्यता और सामाजिक भेदभाव की धारणाओं पर सवाल खड़े करते हैं।

ये लोग हमसे कहते हैं कि हम आपको हिंदू राज का पाठ पढ़ाएंगे। अरे, आपको तो हिंदू राष्ट्र, हिंदू समाज और हिंदुओं के स्मृति ग्रंथों, पुराणों तथा उपनिषदों के बारे में ही पर्याप्त जानकारी नहीं है!

राम मंदिर पर ध्वजा फहराने से हिंदू राष्ट्र स्थापित नहीं होता।

अगर हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना हिंदू देवताओं या हिंदू ऋषियों की होती, तो किसी वैदिक ऋषि ने हिंदू राष्ट्र की बात क्यों नहीं की? किसी स्मृति लेखक ने हिंदू राष्ट्र की बात क्यों नहीं की? किसी पौराणिक लेखक ने हिंदू राष्ट्र की बात क्यों नहीं की?

ऋषि हिंदू राष्ट्र के बारे में नहीं सोच रहे थे। आज आरएसएस से जुड़े कुछ नए लोग हिंदू राष्ट्र-हिंदू राष्ट्र करके जनता को भ्रमित कर रहे हैं।

भारत क्या है? भारत एक आधुनिक राष्ट्र-राज्य है।

भारत का आधार संविधान, धर्मनिरपेक्षता, समानता और लोकतंत्र है

भारत की बुनियाद धर्मनिरपेक्षता है। इसकी संचालक शक्तियां धर्मनिरपेक्षता, समानता और लोकतंत्र हैं। मनुष्य की संचालक शक्ति भगवान नहीं हैं। भगवान राम भारत के आधुनिक राष्ट्र-राज्य की संचालक शक्ति नहीं हैं।

तो फिर इसकी संचालक शक्ति कौन है? इसका संविधान।

संविधान क्या कहता है?

संविधान यह नहीं मानता कि भारत का संचालक कोई भगवान है। भारत का संचालक कोई हिंदू या हिंदू समाज है, ऐसा भी संविधान नहीं कहता।

अगर हिंदू बनना है, तो हम खुला निमंत्रण देंगे कि मोहन भागवत और उनके अनुयायी हिंदू बनें और हिंदू बनकर दिखाएं। मनु के अनुसार हिंदू बनकर दिखाएं। कोशिश करके दिखाएं।

मुझे मनु से कोई परेशानी नहीं है। मुझे मनु के दुरुपयोग से परेशानी है। मनुस्मृति और मनु को लेकर मैं पहले ही चार एपिसोड कर चुका हूं। आप उन्हें देख सकते हैं।

लेकिन जो बात मैं आपसे साझा करना चाहता हूं, वह यह है कि मनु ने जिस हिंदू की कल्पना की थी, उस हिंदू का अंत हो चुका है।

आज हमारे पास आधुनिक मनुष्य है। इस आधुनिक मनुष्य की खूबी यह है कि आज के समाज में सबसे मूल्यवान कौन है? मनुष्य, न कि भगवान।

मनुष्य प्रथम है, भगवान गौण हैं।

भगवान आपके घर में बैठे हुए हैं। कामवाली काम करने नहीं आती, तो सारा भूत उतर जाता है। कामवाली आ जाती है, तो सब अच्छा लगने लगता है।

कौन बड़ा है? मजदूर बड़ा है या भगवान बड़ा है?

मजदूर अगर काम करने नहीं जाएगा, तो कारखाने नहीं चलेंगे। मजदूर काम करने नहीं जाएगा, तो राम मंदिर का निर्माण भी नहीं होगा। चारों तरफ गंदगी ही गंदगी होगी।

भगवान में कोई चमत्कार नहीं है। यह बात दिमाग से निकाल दीजिए। भगवान आस्था का विषय हैं। लोग सैकड़ों सालों से परंपरा के अनुसार पूजा करते आ रहे हैं और आगे भी पूजा करेंगे।

लेकिन जो बदलाव आया है, उसे तो समझिए।

बदलाव यह आया है कि पहले हम अदृश्य शक्तियों को ताकतवर मानते थे। लेकिन अब हम दृश्य शक्तियों को ताकतवर मानते हैं। उनमें मनुष्य की शक्ति सबसे ताकतवर है।

मनुष्य की पहचान सबसे बड़ी पहचान है। हिंदू पहचान का अंत हो चुका है।

आधुनिक सेना, संसद और संविधान केवल धार्मिक पहचान के आधार पर नहीं बन सकते

अगर ऐसा ही है कि हिंदू ही सब कुछ हैं और हिंदू ही सब कुछ करेंगे, तो हिंदुओं से सब कुछ कराकर देख लीजिए।

हिंदू राजाओं ने जो सेनाएं बनाई थीं, उनमें से अधिकतर की सेनाओं में सेनानी और सेनापति के रूप में मुगल भी रहे हैं। मैं उसके विस्तार में नहीं जाना चाहता।

क्या यह संभव है कि हम केवल हिंदुओं की सेना बनाएं? क्या सेना में सिर्फ हिंदुओं को भर्ती करें? नहीं, हम ऐसी सेना ही नहीं बना पाएंगे।

अगर हम सिर्फ हिंदू-हिंदू करेंगे, तो आधुनिक समाज, आधुनिक संसद, आधुनिक विधानसभा और आधुनिक व्यवस्था का निर्माण भी नहीं कर पाएंगे।

जरा यहां से सोचिए। अगर डॉ. आंबेडकर नहीं होते, तो हमारा संविधान कैसा होता?

कौन थे वे? वे खुद हिंदू पहचान को स्वीकार नहीं करते थे। आंबेडकर ने कहा था और लिखा भी था कि वे हिंदू नहीं हैं।

जिस व्यक्ति ने हमें आधुनिक राष्ट्र और उसका संविधान दिया, वह काम कोई हिंदू संगठन नहीं कर पाया।

आंबेडकर कांग्रेस के सदस्य नहीं थे। आंबेडकर कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य नहीं थे। वे भगवान को नहीं मानते थे। वे अनुसूचित जाति से आते थे। उन्होंने हिंदुस्तान का संविधान बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

होना तो यह चाहिए था कि हिंदुस्तान का संविधान शंकराचार्य बनाते। इसमें क्या दिक्कत थी? करपात्री जी महाराज बनाते। लेकिन उनके पास आधुनिक संविधान बनाने की क्षमता और दृष्टि नहीं थी।

आधुनिक राष्ट्र-राज्य के निर्माण के लिए आधुनिक संसद, विधानसभा और व्यवस्था के निर्माण के लिए आधुनिक समझ तथा आधुनिक दृष्टिकोण की जरूरत होती है। हिंदू दृष्टिकोण या हिंदू समझ की नहीं।

इस बात को हमारे संविधान निर्माताओं ने सबसे पहले पहचाना। स्वाधीनता संग्राम के दौरान पुनर्जागरण के विचारकों ने भी इस बात को समझा और रेखांकित किया।

हमें क्या चाहिए? आधुनिक मनुष्य और वैज्ञानिक चेतना। हिंदू चेतना नहीं चाहिए। मुझे आधुनिक मनुष्य चाहिए, वैज्ञानिक चेतना चाहिए और वैज्ञानिक चेतना से संपन्न आधुनिक राष्ट्र-राज्य चाहिए, जिसे हम नेशन स्टेट कहते हैं।

यही हमारे आधुनिक विकास की आधारशिला है। हिंदू धर्म और हिंदू समाज भारत की आधारशिला नहीं हैं।

हम पहले हिंदू थे, आज नागरिक हैं

हम पहले कभी हिंदू थे, लेकिन आज हम नागरिक हैं। भारत में रहने वाले जितने भी लोग हैं, वे सभी नागरिक हैं।

उनकी धार्मिक पहचान गौण है। पहले मेरी पहचान चतुर्वेदी के रूप में थी, लेकिन अब मेरी पहचान केवल चतुर्वेदी होने से नहीं तय होती। मेरा आचरण मेरी पहचान तय करता है।

आज जो हिंदू हैं, वे हिंदू धर्म की पुरानी स्मृतियों के अनुसार आचरण नहीं करते। बल्कि वे नागरिक की तरह आचरण करने के लिए बाध्य हैं।

वे हिंदू की तरह नहीं, बल्कि नागरिक की तरह आचरण करते हैं। यही बुनियादी बात है।

नागरिक बनने की प्रक्रिया चल रही है। हिंदू बनने की पुरानी प्रक्रिया बंद हो चुकी है। इसलिए हिंदू पहचान और हिंदू सामाजिक व्यवस्था का दायरा लगातार सिकुड़ रहा है। हिंदू धर्म और हिंदू समाज का पुराना स्वरूप समाप्त हो चुका है।

क्यों?

क्योंकि जैसा मैंने आपसे कहा, पानी साझा है, धर्म साझा है, शिक्षा साझा है, नौकरी साझा है। इस समाज में तमाम चीजें साझा हैं।

पुराना हिंदू समाज अस्पृश्यता पर आधारित समाज था। आज हिंदुस्तान में अस्पृश्यता की व्यवस्था को व्यापक रूप से स्वीकार नहीं किया जाता। जो थोड़ी-बहुत बची हुई है, वह भी समाप्ति की ओर है।

इसका चरम उदाहरण यह है कि अब वे तमाम काम, जो एक जमाने में चौथे वर्ण के लोग करते थे, उच्च वर्ण के लोग भी कर रहे हैं।

यह किसकी निशानी है? यह मनुष्य होने की निशानी है।

इसकी निशानी है कि आदमी कर्म करेगा, तो बचेगा। धर्म का पालन करेगा, तो बचेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है।

धर्मप्रधान चेतना यह उपदेश देती है कि धर्म का पालन करने से मुक्ति मिलेगी। लेकिन धर्म के वर्चस्व का विरोध करने वाली चेतना कहती है कि कर्म करेगा, तो बचेगा।

जो कर्म करेगा और जैसा पेशा अपनाएगा, उससे उसकी पहचान बनेगी।

बाटा कंपनी का मालिक कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है, जो चमार के घर में पैदा हुआ हो और पूरे देश को करोड़ों जूते पहनाता हो। वह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी का व्यक्ति है, जिसकी पहचान उसके पेशे और व्यावसायिक भूमिका से बनती है, न कि किसी जातिगत पेशे से।

वह बीते जमाने की बात थी।

इसलिए मैं कह रहा हूं कि हिंदू धर्म के पुराने आधारों पर जिस हिंदू राष्ट्र और हिंदू समाज की परिकल्पना को प्रचारित किया जा रहा है, वह प्राचीनकालीन, मध्यकालीन और स्मृतियों की सोच पर आधारित है। उस समाज का एक तरह से अंत हो चुका है।

हम एक ऐसे आधुनिक समाज में दाखिल हो चुके हैं, जो मिश्रित समाज है, मिश्रित धर्मों, मिश्रित सभ्यताओं और मिश्रित राजनीति वाला समाज है।

आरएसएस का हिंदू राष्ट्र का सपना और एनडीए की राजनीतिक हकीकत

एक छोटी-सी बात कहना चाहता हूं।

मोहन भागवत को हिंदू राष्ट्र बहुत पसंद है। वे कहते हैं कि भारत हिंदू राष्ट्र बन गया है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि एनडीए को भंग कर दीजिए और घोषणा कर दीजिए कि बीजेपी के साथ केवल वही पार्टियां रहेंगी, जो हिंदू राष्ट्र की अवधारणा को मानती हैं।

ऐसा करके देखिए। नरेंद्र मोदी की सरकार एक मिनट के भीतर गिर जाएगी। मोहन भागवत का सपना एक मिनट के अंदर चकनाचूर हो जाएगा।

जब सरकार नहीं रहेगी, तो कोई बीजेपी में नहीं रहेगा। कोई आरएसएस की शाखाओं में नहीं जाएगा और कोई मोहन भागवत को राम मंदिर पर झंडा फहराने के लिए नहीं बुलाएगा।

कह दीजिए कि भारत में वही पार्टियां रहेंगी, जो हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना और आरएसएस के एजेंडे को स्वीकार करती हैं। हम देखते हैं कि कितनी पार्टियां इसके लिए राजी होती हैं।

मुझे अच्छा लगेगा अगर सारी पार्टियां हिंदू राष्ट्र के लिए एकत्रित हो जाएं। मैं मोहन भागवत के प्रयासों की प्रशंसा करूंगा कि चलिए, उन्होंने वह काम कर दिखाया, जो महाराज मनु भी नहीं कर पाए।

मनुस्मृति में हिंदू राष्ट्र की कोई परिकल्पना प्रस्तुत नहीं की गई है। जिस मनुस्मृति को ये लोग सिर पर रखकर घूमते हैं, उसके बहुत सारे सूत्रों का दुरुपयोग करते हैं।

तो बुनियादी बात कौन-सी है, जिसे मैं आपसे साझा करना चाहता हूं?

वह यह कि हिंदू पहचान का अंत हो चुका है और इस बात को समझने की जरूरत है।

आज बस इतना ही।

बहुत-बहुत शुक्रिया। थैंक यू।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी ने हिंदू अस्मिता के अंत की बात क्यों कही है?

प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी का तर्क है कि मनुस्मृति और स्मृतियों में जिस हिंदू समाज की कल्पना की गई थी, उसकी सामाजिक संरचना आधुनिक भारत में बदल चुकी है। उनके अनुसार समानता, शिक्षा, सार्वजनिक संसाधनों तक पहुंच और नागरिक अधिकारों ने उस पुरानी सामाजिक व्यवस्था को चुनौती दी है।

RSS का हिंदू राष्ट्र का विचार क्या है?

RSS की विचारधारा में भारत को हिंदू राष्ट्र के रूप में देखने की अवधारणा महत्वपूर्ण है। इस विचार की व्याख्या और उसके राजनीतिक-सामाजिक परिणामों को लेकर भारतीय राजनीति में बहस जारी है। प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी इस अवधारणा की आलोचनात्मक समीक्षा करते हैं।

क्या धर्म के आधार पर आधुनिक राष्ट्र का निर्माण संभव है?

आधुनिक राष्ट्र-राज्य की अवधारणा नागरिकता, संविधान, समानता और राजनीतिक अधिकारों पर आधारित होती है। प्रोफेसर चतुर्वेदी का तर्क है कि आधुनिक भारत का निर्माण धार्मिक पहचान के बजाय धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर हुआ है।

मनुस्मृति में किस प्रकार के हिंदू समाज की कल्पना की गई थी?

मनुस्मृति में वर्ण, सामाजिक कर्तव्यों और विभिन्न सामाजिक श्रेणियों से संबंधित नियमों का वर्णन मिलता है। प्रोफेसर चतुर्वेदी इसी पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था की तुलना आधुनिक भारतीय समाज और संविधान से करते हैं।

प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी के अनुसार हिंदू समाज में क्या बदलाव आया है?

उनका कहना है कि शिक्षा, सार्वजनिक परिवहन, पानी, मंदिर प्रवेश और सामाजिक जीवन में समान अधिकारों के विस्तार ने पारंपरिक जाति आधारित सामाजिक व्यवस्था को कमजोर किया है।

भारतीय संविधान और हिंदू राष्ट्र की अवधारणा में क्या अंतर है?

भारतीय संविधान भारत को संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित करता है। हिंदू राष्ट्र की अवधारणा भारत की राष्ट्रीय पहचान को हिंदू सभ्यता और सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखती है। दोनों के संबंध और व्याख्या को लेकर राजनीतिक एवं संवैधानिक बहस होती रही है।

भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की क्या भूमिका थी?

डॉ. भीमराव अंबेडकर संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे। भारतीय संविधान के निर्माण और प्रारूपण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। प्रोफेसर चतुर्वेदी आधुनिक भारत की संवैधानिक पहचान के संदर्भ में उनके योगदान को रेखांकित करते हैं।

हिंदू राष्ट्र की राजनीति में मोहन भागवत की क्या भूमिका है?

मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक हैं। हिंदू राष्ट्र, हिंदुत्व और भारतीय समाज की पहचान से जुड़े उनके विचार राजनीतिक बहस का विषय रहे हैं। प्रोफेसर चतुर्वेदी उनके विचारों और RSS की राजनीति पर सवाल उठाते हैं।

क्या हिंदू पहचान और भारतीय नागरिकता एक-दूसरे के विरोधी हैं?

नागरिकता एक संवैधानिक और कानूनी पहचान है, जबकि हिंदू पहचान धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान है। दोनों अलग-अलग अवधारणाएं हैं। प्रोफेसर चतुर्वेदी का विश्लेषण इस बात पर केंद्रित है कि आधुनिक भारत में नागरिकता की भूमिका धार्मिक पहचान से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

  • Professor Jagdishwar Chaturvedi

    Professor Jagdishwar Chaturvedi
    Professor Jagdishwar Chaturvedi

    प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी एक हिंदी लेखक, मीडिया आलोचक और वामपंथी विचारक हैं, जो कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में प्रोफेसर और तीन बार विभागाध्यक्ष रह चुके हैं।
    1957, में उत्तर प्रदेश के मथुरा में जन्मे प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से 'सिद्धांत ज्योतिषाचार्य' (1979) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली से हिंदी में एम.ए. (1981), एम.फिल. (1982) व पी-एच.डी. (1986) की। वे 1984–85 में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रहे।

    साहित्यालोचना औक मीडिया पर उनकी 58 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हैं। कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सन्‌ 1989 में प्रवक्‍ता, सन्‌ 1993 में रीडर और 2001 में प्रोफेसर पद पर नियुक्त । सन्‌ 2016 में सेवानिवृत्त हुए।

    प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी की कुछ प्रमुख पुस्तकें हैं : उंबेर्तो इको : चिह्शास्त्र, साहित्य और मीडिया (2012), मीडिया समग्र 11 खंडों में (2013), साहित्य का इतिहास दर्शन (2013), डिजिटल कैपीटलिज्म, फेसबुक संस्कृति और मानवाधिकार (2014), इंटरनेट; साहित्यालोचना और जनतंत्र (2014), नामवर सिंह और समीक्षा के सीमांत (2016), रामविलास शर्मा : परवर्ती पूंजीवाद और साहित्येतिहास की समस्याएं (2017) आदि।

Unknown's avatar

Professor Jagdishwar Chaturvedi

[caption id="attachment_6680" align="alignnone" width="300"]Professor Jagdishwar Chaturvedi Professor Jagdishwar Chaturvedi[/caption]


प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी एक हिंदी लेखक, मीडिया आलोचक और वामपंथी विचारक हैं, जो कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में प्रोफेसर और तीन बार विभागाध्यक्ष रह चुके हैं।
1957, में उत्तर प्रदेश के मथुरा में जन्मे प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से 'सिद्धांत ज्योतिषाचार्य' (1979) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली से हिंदी में एम.ए. (1981), एम.फिल. (1982) व पी-एच.डी. (1986) की। वे 1984–85 में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रहे।

साहित्यालोचना औक मीडिया पर उनकी 58 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हैं। कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सन्‌ 1989 में प्रवक्‍ता, सन्‌ 1993 में रीडर और 2001 में प्रोफेसर पद पर नियुक्त । सन्‌ 2016 में सेवानिवृत्त हुए।

प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी की कुछ प्रमुख पुस्तकें हैं : उंबेर्तो इको : चिह्शास्त्र, साहित्य और मीडिया (2012), मीडिया समग्र 11 खंडों में (2013), साहित्य का इतिहास दर्शन (2013), डिजिटल कैपीटलिज्म, फेसबुक संस्कृति और मानवाधिकार (2014), इंटरनेट; साहित्यालोचना और जनतंत्र (2014), नामवर सिंह और समीक्षा के सीमांत (2016), रामविलास शर्मा : परवर्ती पूंजीवाद और साहित्येतिहास की समस्याएं (2017) आदि।

प्रातिक्रिया दे

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Live Hastakshep

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading