हत्यारे रोबोट के लिए भविष्य में कोई जगह नहीं: AI से युद्ध और परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर UN महासचिव की चेतावनी
युद्धभूमि में AI का बढ़ता इस्तेमाल चिंताजनक: UN महासचिव
हत्यारे रोबोट के लिए भविष्य में कोई जगह नहीं: एंतोनियो गुटेरेश
युद्धभूमि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि किसी इंसान की जान लेने का फैसला मशीनों और एल्गोरिदम के हवाले नहीं किया जा सकता। गुटेरेश ने स्पष्ट कहा- हमारे भविष्य में हत्यारे रोबोट के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने घातक स्वायत्त हथियारों पर कानूनी रूप से बाध्यकारी अंतरराष्ट्रीय समझौते की मांग भी दोहराई। आइए संयुक्त राष्ट्र समाचार की इस ख़बर में देखते हैं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने क्यों कहा कि भविष्य में हत्यारे रोबोट की जगह नहीं है…
हमारे भविष्य में हत्यारे रोबोट के लिए कोई स्थान नहीं है – यूएन महासचिव
आठ दशक पहले, जब संयुक्त राष्ट्र की बुनियाद तैयार की जा रही थी, तब कम्युटर, इंटरनेट और सैटेलाइट किसी विज्ञान-कथा की कल्पनाओं जैसे दिखाई देते थे. मगर, आज कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) और अन्य टैक्नॉलॉजी की भूमिका युद्धभूमि समेत अनेक मोर्चों पर अभूतपूर्व ढंग से बढ़ती जा रही है. इसके मद्देनज़र, यूएन महासचिव ने एआई के अनियंत्रित इस्तेमाल के प्रति आगाह करते हुए कहा है कि जीवन-मरण के प्रश्नों को टैक्नॉलॉजी के हवाले कर देने से रोकना होगा.
विश्व भर में, तेज़ी से आ रहे टैक्नॉलॉजी बदलावों के इस दौर में हिंसक टकरावों को सुलझाने के विषय पर मंगलवार को सुरक्षा परिषद की एक बैठक बुलाई गई.
यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने बताया कि उभरती हुई टैक्नॉलॉजी, हिंसक संघर्ष और असुरक्षा से जूझ रहे देशों, आपदाओं, खाद्य संकट व विस्थापन का पहले से अनुमान लगाने में मदद कर सकती हैं. बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें हटाने में भी.
ये संयुक्त राष्ट्र के शान्तिरक्षा अभियानों को और अधिक प्रभावी बना सकती हैं: रसद व्यवस्था, उपकरणों के रखरखाव, हालात की जानकारी जुटाने और अभियान की योजना बनाने समेत अन्य क्षेत्रों में यह सहायक हो सकती है. “इसीलिए, मैंने संयुक्त राष्ट्र के शान्तिरक्षा अभियानों की अपनी समीक्षा रिपोर्ट में डिजिटल क्षमताओं में लगातार निवेश करने की अपील की थी, जिसमें नागरिक व सैन्य, दोनों तरह की क्षमताएँ शामिल हैं.”
मगर, एआई का इस्तेमाल लड़ाई के दौरान किसी लक्ष्य पर निशाना लगाने से लेकर, जानबूझकर भ्रामक जानकारी फैलाने तक किया जा रहा है, जबकि सशस्त्र ड्रोन के इस्तेमाल ने युद्धक तौर-तरीक़ों में ही व्यापक बदलाव कर दिए हैं.
महासचिव गुटेरेश ने पुरज़ोर ढंग से कहा कि हमारे भविष्य में ‘हत्यारे रोबोट’ (killer robots) का कोई स्थान नहीं होना चाहिए.
अहम तथ्य:
एआई और अन्य नई टैक्नॉलॉजी का, दुनिया भर में दशकों में नहीं बल्कि महीनों के दौरान ही प्रसार हो रहा है.
यूएन प्रमुख के अनुसार, सदस्य देशों का विशेष दायित्व है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि उभरती टैक्नॉलॉजी पर प्रतिस्पर्धा से अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा में कोई अस्थिरता पैदा न हो.
पिछले सप्ताह जिनीवा में, 100 देशों ने घातक स्वायत्त हथियारों (autonomous weapons) पर एक क़ानूनी रूप से बाध्यकारी उपाय के प्रयास किए, लेकिन वो नाकम हो गए.
टैक्नॉलॉजी, शान्ति व सुरक्षा के मुद्दे पर एक नए अनौपचारिक विशेषज्ञ समूह की पहली बैठक 18 नवम्बर को हुई.
2021 में, सुरक्षा परिषद ने माना था कि टैक्नॉलॉजी के ज़रिए यूएन शान्तिरक्षा अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है.
यूएन प्रमुख ने 15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद को सम्बोधित करते हुए कहा कि रणभूमि में एआई का प्रवेश जिस तरह से हो रहा है, वह परेशान कर देने वाला है. उनके अनुसार, वर्तमान युद्धों में एआई की मदद से हमलों के इस्तेमाल को परखा जा रहा है.
“गोपनीय जानकारी जुटाने से लेकर निशाना लगाने तक, जीवन-मृत्यु से जुड़े निर्णय लेने में ऐल्गोरिथम की भूमिका बढ़ती जा रही है.”
मानव निरीक्षण ज़रूरी
महासचिव गुटेरेश ने सचेत किया कि जब तक परमाणु हथियारों का अस्तित्व है, उन्हें इस्तेमाल में लाने का निर्णय केवल मनुष्यों पर ही छोड़ा जाना होगा.
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि बल के प्रयोग पर मानव नियंत्रण के बुनियादी सिद्धान्त को कमज़ोर करने और युद्धभूमि पर किसी को मारने का निर्णय लेने की अनुमति, एआई को नहीं दी जा सकती है.
“जब आम नागरिक मारे जाते हैं, या मानवाधिकारों का उल्लंघन होता है, तो कभी भी जवाब यह नहीं होना चाहिए कि ऐसा ऐल्गोरिथम ने किया है…हत्यारे रोबोट्स का हमारे भविष्य में कोई स्थान नहीं है.”
यूएन प्रमुख ने घातक स्वायत्त हथियार प्रणालियों के लिए जल्द से जल्द एक क़ानूनी रूप से बाध्यकारी उपाय पर वार्ता शुरू करने की अपील दोहराई है.
उन्होंने आगाह किया कि एआई से दुष्प्रचार व झूठ फैलाने की गति में विशाल तेज़ी आई है और यह एक अनियंत्रित होड़ की वजह बन रहा है, जिसका कारण मुख्यत: कमर्शियल हित और भूराजनैतिक प्रतिद्वंद्विता है.
चुनिन्दा हाथों में ताक़त पर चिन्ता
यूएन प्रमुख के अनुसार अति-महत्वपूर्ण खनिजों, एआई डेटा केन्द्रों के लिए ज़रूरी विशाल ऊर्जा व जल आपूर्ति के कारण समुदायों और देशों के बीच तनाव भड़कने लगे हैं.
यूएन प्रमुख ने कहा कि चुनिन्दा देशों व कम्पनियों में ताक़त का केन्द्रित हो जाना, हम में से हर किसी के लिए चिन्ता का विषय होना चाहिए.
“इस परिषद का यह विशेष दायित्व है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि उभरती टैक्नॉलॉजी पर प्रतिस्पर्धा के कारण अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा में उथलपुथल पैदा न हो…जिन देशों के पास एआई की सबसे अधिक क्षमताएँ हैं, उन्हें सबसे अधिक ज़िम्मेदारी का परिचय देना होगा.”
उन्होंने भरोसा बढ़ाने पर केन्द्रित उपायों का आग्रह किया है, जिसके तहत ग़लत आकलन या निर्णय की रोकथाम के लिए सीधी बातचीत का ज़रिया अपनाना और संकट को बेक़ाबू होने से टालना है.
(स्रोत- UN News)
FAQs – अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
हत्यारे रोबोट (Killer Robots) क्या होते हैं?
हत्यारे रोबोट ऐसे स्वायत्त हथियारों को कहा जाता है, जो इंसानी हस्तक्षेप के बिना लक्ष्य की पहचान करने और उस पर हमला करने की क्षमता रखते हैं।
UN महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने हत्यारे रोबोट पर क्या कहा?
UN महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने कहा कि हमारे भविष्य में हत्यारे रोबोट के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने युद्धभूमि पर बल प्रयोग और किसी की जान लेने के फैसले में मानव नियंत्रण बनाए रखने पर जोर दिया।
युद्ध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कैसे हो रहा है?
AI का इस्तेमाल युद्ध में खुफिया जानकारी जुटाने, संभावित लक्ष्यों की पहचान करने, हमलों की योजना बनाने और निशाना लगाने में किया जा रहा है। इसके अलावा AI के जरिए दुष्प्रचार और भ्रामक सूचनाएं भी फैलाई जा रही हैं।
घातक स्वायत्त हथियार (Autonomous Weapons) क्या हैं?
घातक स्वायत्त हथियार ऐसी हथियार प्रणालियां हैं, जो मानवीय हस्तक्षेप के बिना लक्ष्य चुनने और उस पर हमला करने में सक्षम हो सकती हैं। इनके इस्तेमाल में मानव नियंत्रण और जवाबदेही को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है।
परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर UN महासचिव ने क्या कहा?
एंतोनियो गुटेरेश ने कहा कि जब तक परमाणु हथियार मौजूद हैं, उनके इस्तेमाल का निर्णय केवल मनुष्यों द्वारा लिया जाना चाहिए। इस तरह के जीवन-मृत्यु से जुड़े फैसले AI को नहीं सौंपे जाने चाहिए।
UN महासचिव घातक स्वायत्त हथियारों पर क्या चाहते हैं?
गुटेरेश ने घातक स्वायत्त हथियार प्रणालियों के लिए जल्द से जल्द कानूनी रूप से बाध्यकारी अंतरराष्ट्रीय समझौते पर वार्ता शुरू करने की मांग की है।
AI के बढ़ते इस्तेमाल से अंतरराष्ट्रीय शांति को क्या खतरा है?
UN महासचिव के अनुसार, AI की तकनीकी प्रतिस्पर्धा, दुष्प्रचार, भूराजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और कुछ देशों तथा कंपनियों में तकनीकी शक्ति का केंद्रीकरण अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए चुनौतियां पैदा कर सकते हैं।