क्रोनी कैपिटलिज्म ने कैसे बदली साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों की चेतना? प्रो. जगदीश्वर चतुर्वेदी का विश्लेषण
क्रोनी कैपिटलिज्म ने कैसे पैदा किए सत्ता के सामने समर्पण करने वाले लेखक और बुद्धिजीवी?
क्या साहित्यकारों का विवेक सत्ता और पूंजी के सामने आत्मसमर्पण कर रहा है?
क्या ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ (सांठ-गांठ वाला पूंजीवाद ‘Crony capitalism’) ने भारतीय लेखकों और बुद्धिजीवियों की अंतरात्मा को बदल दिया है? कॉर्पोरेट शक्ति, राजनीतिक तंत्र, साहित्य, विश्वविद्यालयों और बौद्धिक स्वतंत्रता के बीच के संबंधों का विश्लेषण इस संवाद में प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी कर रहे हैं। वे ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ की जड़ों को 1991 के आर्थिक उदारीकरण के दौर में खोजते हैं और सवाल उठाते हैं कि साहित्य और बौद्धिक विमर्श, समाज की गरीबी, असमानता और वास्तविक समस्याओं से लगातार दूर क्यों होते जा रहे हैं…
क्रोनी कैपिटलिज्म ने किस तरह की साहित्यिक चेतना और बुद्धिजीवी निर्मित किए?
प्रोफेसर जगदीश्वर चतुर्वेदी
- क्रोनी कैपिटलिज्म साहित्यकारों की चेतना को कैसे प्रभावित करता है?
- पाठ-केंद्रित आलोचना क्रोनी कैपिटलिज्म का साहित्यिक रूप कैसे है?
- क्रोनी कैपिटलिज्म समाज में पलायनवाद और आत्म-केंद्रित दृष्टिकोण को कैसे बढ़ावा देता है?
आज हम बातचीत करेंगे कि क्रोनी कैपिटलिज्म का संस्कृति और साहित्य पर क्या असर होता है और क्रोनी कैपिटलिज्म के जिस दौर से भारत गुजर रहा है, वह किस तरह की साहित्यकार चेतना निर्मित करता है?
हमारे यहां साहित्यकारों की कमी नहीं है। असंख्य साहित्यकार हैं। हमारे यहां साहित्य के विभागों की भी कमी नहीं है। हर विश्वविद्यालय में हिंदी, बांग्ला, तमिल, तेलुगु आदि भाषाओं के साहित्य विभाग हैं और हजारों प्रोफेसर इनमें काम कर रहे हैं, जो साहित्य पढ़ते और पढ़ाते हैं।
लेकिन साहित्य और साहित्यकारों पर क्रोनी कैपिटलिज्म का क्या असर हो रहा है? साहित्य का परिदृश्य कैसा बन रहा है? इस पर कायदे से विस्तार से बातचीत करनी चाहिए।
क्रोनी कैपिटलिज्म की यह प्रक्रिया नरेंद्र मोदी के आने के साथ शुरू नहीं हुई है, बल्कि नरेंद्र मोदी के आने के साथ इसमें एक बड़ी छलांग लगी है।
भारत में क्रोनी कैपिटलिज्म की प्रक्रिया कब शुरू हुई ?
क्रोनी कैपिटलिज्म की प्रक्रिया 1990-91 से शुरू हुई थी, जब मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्री का दायित्व संभाला था। अभी हम कह सकते हैं कि यह प्रक्रिया अपने चरमोत्कर्ष पर है।
जो लोग आज नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं, उन्हें सोचना चाहिए कि जब मनमोहन सिंह सरकार में थे, तब वे क्रोनी कैपिटलिज्म का विरोध क्यों नहीं कर रहे थे?
ऐसे अनेक लेखक और साहित्यकार हैं, जो पहले कांग्रेस की जय-जयकार कर रहे थे। कांग्रेस के साथ जुड़े हुए थे। कांग्रेस के एस्टैब्लिशमेंट के साथ, यहां तक कि उसकी सरकारों के एस्टैब्लिशमेंट के साथ भी काम कर रहे थे, लेकिन उन्होंने क्रोनी कैपिटलिज्म के खिलाफ कभी कुछ नहीं लिखा।
मैं बार-बार कहता रहा हूं कि मैं साहित्यकार नहीं हूं, लेकिन क्रोनी कैपिटलिज्म के खिलाफ मैंने लिखा है। तब लिखा, जब फेसबुक और ब्लॉगिंग शुरू नहीं हुई थी। उससे पहले भी मैंने लिखा है।
वह मेरी किताबों में उपलब्ध है।
क्रोनी कैपिटलिज्म किस तरह की हरकतें कर सकता है और समाज को किस दिशा में ले जा सकता है, इस पर मैंने अपनी पहली हिंदी पत्रकारिता की पुस्तक में लिखा था। उसमें शुरुआत में ही इस बात की चर्चा की थी कि किस तरह के बदलाव आ रहे हैं। वह पुस्तक 1992-93 में लिखी गई थी और 1994 में प्रकाशित हुई थी। मैं तब से लिख रहा हूं और बोल भी रहा हूं।
साहित्यकार के भीतर क्रोनी कैपिटलिज्म किस तरह का विवेक और चेतना पैदा करता है?
जैसा कि हमारे यहां साहित्य के गुट हैं, साहित्य की गुटबाजी है, साहित्य के संगठन हैं, साहित्यिक संगठनों के कर्ता-धर्ता हैं और विश्वविद्यालयों के विभागों में हजारों प्रोफेसर हैं। सवाल यह है कि क्रोनी कैपिटलिज्म किस तरह की साहित्यिक चेतना पैदा करता है? साहित्यकार के भीतर किस तरह का विवेक और चेतना पैदा करता है?
यह भी कह सकते हैं कि साहित्य के प्रोफेसरों के भीतर कैसी चेतना पैदा करता है? एक प्रोफेसर के रूप में, एक बुद्धिजीवी के रूप में उनके भीतर किस तरह की चेतना विकसित करता है? ये सवाल सोचने के हैं।
अब तो साहित्य उत्सव हो रहे हैं। खुलकर हो रहे हैं। जगह-जगह चर्चाएं हो रही हैं। तो साहित्य उत्सवों में क्रोनी कैपिटलिज्म की चर्चा क्यों नहीं होती?
क्रोनी कैपिटलिज्म और पलायनवादी चेतना
क्रोनी कैपिटलिज्म की सामान्य विशेषता यह है कि वह राजनीति में पलायनवाद, समर्पण और भय—इन तीन चीजों को तेजी से विस्तार देता है।
राजनीति से पलायन, समर्पण और भय—ये तीनों चीजें मिलकर एक ऐसा नागरिक तैयार करती हैं, जो सार्वजनिक संपदा की लूट पर कुछ नहीं बोलता।
और यह प्रक्रिया, जैसा कि मैंने आपसे कहा, काफी लंबे समय से चल रही है। यह 1991-92 से चल रही है।
यह सच है कि क्रोनी कैपिटलिज्म को मीडिया खुलकर समर्थन देता है। मनमोहन सिंह के जमाने में भी दे रहा था, उनसे पहले के जमाने में भी दे रहा था और आज भी दे रहा है।
फर्क इतना है कि नरेंद्र मोदी ने मीडिया का गला खुलकर घोंट दिया है। या हम यह कहें कि मीडिया ने डर की वजह से अपना गला अपने हाथों से ही घोंट लिया है। इसे हम सेल्फ-सेंसरशिप कहते हैं।
नरेंद्र मोदी की खूबी यह है कि उन्होंने सेल्फ-सेंसरशिप को एक परिघटना बना दिया है। हालांकि ऐसे अखबार भी हैं, जो सेल्फ-सेंसरशिप से बाहर निकलकर काम कर रहे हैं।
मेरा इशारा इंडियन एक्सप्रेस, टेलीग्राफ, डेक्कन हेराल्ड और द हिंदू जैसे अखबारों की ओर है।
क्रोनी कैपिटलिज्म की विशेषता क्या है ?
क्रोनी कैपिटलिज्म की एक सामान्य विशेषता यह भी है कि राजनीतिक पार्टियां उसके मोहरों की तरह काम करती हैं। अब बीजेपी बहुत खुले तौर पर क्रोनी कैपिटलिज्म के लिए काम कर रही है।
क्या कांग्रेस क्रोनी कैपिटलिज्म को त्यागने के लिए तैयार है?
सवाल यह है कि क्या क्रोनी कैपिटलिज्म को त्यागने के लिए कांग्रेस तैयार है? क्या कांग्रेस आत्मालोचना करने के लिए तैयार है कि उसने नव्य आर्थिक उदारीकरण का जो विकास मॉडल हिंदुस्तान को दिया, उस मॉडल पर चलते हुए देश आगे गया या पीछे गया? इस पर समग्रता में विचार करना चाहिए।
क्रोनी कैपिटलिज्म के मॉडल में सरकारी संपत्ति की लूट अंतर्निहित है। क्रोनी कैपिटलिज्म की जो प्रवृत्तिगत विशेषताएं हैं, जिनकी मैंने आपसे चर्चा की, उनका एक सामान्य प्रभाव कॉमन सेंस पर पड़ता है और साहित्यकार की चेतना पर भी पड़ता है।
क्रोनी कैपिटलिज्म का जो कॉमन सेंस है, उसका असर साहित्य के अलावा सामान्य नागरिक पर भी पड़ता है। खासकर शिक्षित लोगों पर इसका खूब असर होता है।
सत्य से टकराने से बचती साहित्यिक और बौद्धिक चेतना
क्रोनी कैपिटलिज्म की चेतना से प्रभावित लोगों की एक सामान्य प्रवृत्ति यह होती है कि वे उन सवालों से टकराने से बचते हैं, जहां सत्य का साक्षात्कार होता हो। वे काल्पनिक सवालों में बहुत आनंद लेते हैं, लेकिन जो सवाल सत्य से साक्षात्कार कराते हैं, उन सवालों में वे दाखिल भी नहीं होते।
वे किन सवालों पर बोलते हैं? वे उन्हीं सवालों पर बोलते हैं, जब उनका निजी स्वार्थ प्रभावित होता है।
जब तक मेरा घर नहीं गिराया जाएगा, तब तक मैं नहीं बोलूंगा कि मोदी गलत हैं। जब तक मेरी तनख्वाह नहीं रोकी जाती, मैं नहीं बोलूंगा कि मोदी के राज्य में अन्याय हो रहा है।
अगर किसी दूसरे का घर गिराया जा रहा है तो गिराया जाए, मुझे क्या लेना-देना? किसी की तनख्वाह रुक गई है तो रुक जाए, मुझे क्या लेना-देना? मेरी तो तनख्वाह मिल रही है। मैं क्यों बोलूंगा?
यह जो चेतना है, यह क्रोनी कैपिटलिज्म का कॉमन सेंस है। क्रोनी कैपिटलिज्म सामान्य नागरिक से लेकर लेखक तक और एक साधारण स्कूल शिक्षक से लेकर प्रोफेसर तक, सबके भीतर इसी तरह का कॉमन सेंस विकसित करता है।
यह अपने आप में गंभीर चीज है। हम जानते ही नहीं हैं कि क्रोनी कैपिटलिज्म किस तरह का कॉमन सेंस विकसित करता है।
क्रोनी कैपिटलिज्म और उसकी चेतना से प्रभावित लोगों के बीच अब तो उसके कॉमन सेंस का एक तरह से विस्फोट दिखाई दे रहा है।
उसकी खूबी यह है कि ऐसे लोग सिर्फ अपने बारे में बोलते हैं और अपने बारे में सोचते हैं। आप किसी से बात करके देखिए।
न तो वह समाज के बारे में बोलेगा, न समाज की किसी समस्या के बारे में। न वह राजनीति की समस्याओं पर बोलेगा। वह सिर्फ अपने बारे में बोलेगा। वह सिर्फ अपने बारे में सोचता है।
और वह जो बोल रहा है, उसके बारे में मूल्यांकन करने, चिंतन करने या सोचने के लिए भी तैयार नहीं है। उसका मानना है कि जो वह बोल रहा है, वही सही है।
क्रोनी कैपिटलिज्म ने एक सामान्य कॉमन सेंस विकसित किया है। वह यह कि व्यक्ति आलोचनात्मक दृष्टिकोण से देखे ही नहीं।
और जो चालाक लोग क्रोनी कैपिटलिज्म से बचते हुए यह दिखाते हैं कि वे आलोचनात्मक दृष्टिकोण से बोल रहे हैं, वे कोशिश करते हैं कि धार्मिक कठमुल्लापन, सामाजिक रूढ़ियों को लेकर कठमुल्लापन, हमारे यहां संस्कारों को लेकर कठमुल्लापन और इस तरह के तमाम रूपों को छुआ ही न जाए।
विभिन्न किस्म के रूढ़िवाद के जो रूप हैं, उन पर वे बात ही नहीं करते।
सामान्य लोग राजनीति में भाग क्यों नहीं ले रहे हैं? सामान्य लोग राजनीति से किनारा क्यों कर रहे हैं? इस पर वे बात नहीं करते। लेकिन आलोचनात्मक ढंग से बोलने के लिए तैयार रहते हैं।
इस तरह के जो लोग हैं और जो आलोचनात्मक ढंग से बोलने को तैयार रहते हैं, वे बुनियादी तौर पर अनुदारवादी दृष्टिकोण की मदद लेते हैं। ऐसे बहुत सारे लोग आपको मिल जाएंगे, जो आरएसएस से भी प्रभावित हो सकते हैं, कांग्रेस से भी प्रभावित हो सकते हैं और दूसरे लोगों से भी प्रभावित हो सकते हैं।
यह जो परिदृश्य है, यानी राजनीति में जो रूढ़िवाद है, जिसे हम लोग कंजर्वेटिज्म कहते हैं, संस्कृति, समाज और साहित्य में जो रूढ़िवाद है, उस पर न बोलना और उससे कन्नी काटना—इससे विश्वविद्यालयों के विभाग और उनमें काम करने वाले प्रोफेसर भी प्रभावित हैं।
साहित्यिक आलोचना का संकट और पाठ-केंद्रित दृष्टिकोण
इसका असर क्या हुआ है? इसका असर यह हुआ है कि साहित्य के मूल्यांकन में आलोचना की जो एक विधा के तौर पर बहुत महत्वपूर्ण भूमिका थी, उसका एक तरह से अंत हो गया है। हमारे यहां अब ज्यादातर लोग आलोचना नहीं लिखते।
दैनंदिन जीवन के अनुभवों से एक तरह से आलोचना गायब हो गई है।
इसका एक बहुत सरल उदाहरण आपको बता रहा हूं, जिससे आप इसे समझ सकते हैं। जब ये लेखक, आलोचक या तथाकथित बुद्धिजीवी बोलते हैं तो आप देखिए कि वे अपनी आलोचना में समाज को कितना शामिल करते हैं।
ये लेखक, बुद्धिजीवी और आलोचक, साहित्यिक महोत्सवों और उत्सवों में बोलने वाले लोग तथा विश्वविद्यालयों में पढ़ाने वाले प्रोफेसर अपनी आलोचना में समाज को कितना शामिल करते हैं?
समसामयिक राजनीति को कितना शामिल करते हैं? उसके बारे में कितना बोलते हैं? इसे देखने की जरूरत है।
एक अच्छे आलोचक और एक अच्छे लेखक की खूबी यह है कि वह सामाजिक जीवन की ठोस बाहरी समस्याओं के साथ साहित्य का रिश्ता बनाए।
हमारी अकादमिक दुनिया का बाहरी जगत की समस्याओं के साथ रिश्ता होना चाहिए।
हम रीतिकाल पढ़ाएंगे, घनानंद पढ़ाएंगे, बिहारी पढ़ाएंगे। हम भक्तिकाल पढ़ाएंगे। लेकिन बाहरी जगत की समस्याओं के साथ इनका कभी कोई संबंध स्थापित नहीं करेंगे।
हम कैसे पढ़ाते हैं? हम उन्हें सिर्फ टेक्स्ट यानी पाठ की तरह पढ़ाते हैं। हमारे लिए वह सिर्फ एक पाठ है।
पूरी दुनिया में एक बीमारी फैली हुई है। वह है टेक्स्ट की आलोचना करने की प्रवृत्ति।
और जो लोग पाठ की आलोचना करने में विश्वास करते हैं, जो इस धारा में शामिल हो चुके हैं, उन्हें सख्त हिदायत दे दी गई है कि वे पाठ के बाहर न देखें।
इसके चलते पूरी दुनिया में, जिसमें भारत भी शामिल है, एक तरह से पाठ-केंद्रित आलोचना हो रही है। न तो उस आलोचना का समाज के साथ कोई संबंध है, न समाज के साथ पाठ का संबंध स्थापित किया जाता है। और अगर कोई संबंध है भी तो उसकी चर्चा नहीं होती।
इसलिए पाठ-केंद्रित आलोचना एक तरह से क्रोनी कैपिटलिज्म का साहित्यिक रूप है।
इस पाठ-केंद्रित आलोचना के इर्द-गिर्द आलोचना के अनेक किस्म के स्कूल विकसित हो चुके हैं। हमारे यहां पाठ-केंद्रित आलोचना के बड़े आयोजक हैं, जो आपको धर्मनिरपेक्ष संगठनों और साहित्यकारों के साथ काम करते हुए भी मिल जाएंगे। वे प्रतिक्रियावादी लोगों के साथ भी काम करते हुए मिल जाएंगे।
तो पाठ-केंद्रित आलोचना करो, पाठ-केंद्रित होकर सोचो और विचार करो—यह जो दृष्टिकोण है, यही क्रोनी कैपिटलिज्म का साहित्यिक दृष्टिकोण है।
नारे, विचारधारा और ऐतिहासिक चेतना का संकट
अब नारे लगाए जा रहे हैं, लेकिन नारों के नैतिक और वैचारिक आयामों की चर्चा नहीं हो रही है।
मसलन, जो लोग यह कह रहे हैं कि ‘जय श्रीराम‘ बोलो या ‘जय हो मोदी‘ बोलो, उनसे पूछा जाना चाहिए कि ‘जय श्रीराम‘ के नारे का वैचारिक अर्थ क्या है? नारे तो दिए जा रहे हैं, लेकिन उनके अर्थ और विचारधारा पर बात नहीं हो रही है।
भगत सिंह ने जब ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा दिया था तो उन्होंने उस नारे की व्याख्या भी की थी।
स्वाधीनता आंदोलन में जब ‘भारत माता की जय‘ का नारा लगा तो उसकी राजनीतिक व्याख्या की गई और बाकायदा लोगों के बीच जाकर जनता को शिक्षित किया गया।
लेकिन अब नारे लगाए जा रहे हैं, नारे की व्याख्या नहीं बताई जा रही है। नारे की व्याख्या पर बात नहीं हो रही है।
मसलन, अगर ध्वजारोहण इतना महान उपक्रम है, जैसा कि नरेंद्र मोदी ने दो दिन पहले किया था, तो ध्वजारोहण का अर्थ भी बताया जाना चाहिए।
ध्वजारोहण कौन किया करते थे? मंदिरों में ध्वजारोहण की परंपरा कब शुरू हुई?
नरेंद्र मोदी के पास इतनी फुर्सत नहीं है, मोहन भागवत के पास इतनी फुर्सत नहीं है और आरएसएस के लोगों के पास भी इतनी फुर्सत नहीं है। उन्हें तो सिर्फ यह बताना है कि मंदिर पर ध्वजारोहण हो गया।
इस तरह एक नई चीज विकसित हुई है। क्रोनी कैपिटलिज्म की यह विशेषता है कि वह नारे तो देता है, लेकिन नारों के नैतिक और राजनीतिक अर्थों की बात नहीं करता।
नारों के पीछे जो ऐतिहासिक अर्थ हैं, उनकी चर्चा नहीं करता। पहले नारों और उनके ऐतिहासिक संदर्भों पर खुलकर बात होती थी।
गरीबी, अभाव और साहित्यिक विवेक
एक अन्य चीज है, जो क्रोनी कैपिटलिज्म के साथ हमारे बीच आई है।
क्रोनी कैपिटलिज्म ने हमारे समाज में गरीबी और अभाव को बड़े पैमाने पर बनाए रखा है।
हमारे यहां गरीबी का अंत नहीं है और अभावों का भी अंत नहीं है।
लेकिन सवाल यह है कि क्या गरीबी और अभाव हमारे साहित्यिक विवेक और बौद्धिक विवेक को विचलित करते हैं? क्या गरीबी और अभाव हमारे विमर्श के केंद्र में आए हैं?
क्या आम बातचीत में हम इन पर खुलकर बातें करते हैं कि गरीबी और अभाव क्यों हैं? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? इसका रास्ता क्या है?
Frequently Asked Questions (FAQs)
What is crony capitalism?
Crony capitalism is an economic and political system in which businesses benefit through close relationships with political power and the establishment. Professor Jagdishwar Chaturvedi discusses its impact on Indian society, literature and intellectual life.
How does crony capitalism affect literature and writers?
According to Professor Jagdishwar Chaturvedi, crony capitalism encourages political conformity, intellectual surrender and withdrawal from public issues. He argues that it can weaken the critical consciousness of writers, critics and intellectuals.
When did crony capitalism begin in India?
Professor Jagdishwar Chaturvedi traces the process of crony capitalism in India to the 1990-91 economic liberalisation period. He argues that it did not begin with Narendra Modi’s arrival in power, although it intensified during his tenure.
What is Professor Jagdishwar Chaturvedi’s main argument about Indian intellectuals?
He questions whether writers, university professors and intellectuals are sufficiently engaging with contemporary political and social problems. He argues that private interests and political conformism can weaken independent thinking.
Why does Professor Jagdishwar Chaturvedi criticise text-centred literary criticism?
He argues that literature and literary criticism should maintain a meaningful relationship with society and its concrete problems. In his view, criticism becomes limited when it focuses exclusively on the text and ignores the wider social and political context.
What is the relationship between crony capitalism and political conformity?
According to Chaturvedi, crony capitalism promotes political escapism, surrender and withdrawal from public concerns. This can encourage citizens to speak out only when their personal interests are affected.
How does crony capitalism influence universities and professors?
Chaturvedi raises questions about whether university departments and professors are connecting literature with contemporary social realities, poverty, inequality and political developments.
Why does Professor Jagdishwar Chaturvedi connect literature with poverty and inequality?
He argues that poverty and deprivation should remain central to intellectual and literary discourse. Literature, in his view, should engage with the concrete problems faced by ordinary people.
What is the significance of the 1991 economic reforms in this discussion?
Professor Chaturvedi identifies the 1991-92 economic liberalisation period as an important starting point in the development of crony capitalism in India. He questions the political and intellectual responses to this economic model.
What is the central question raised in this discussion?
The central question is how crony capitalism shapes the common sense, critical thinking and social consciousness of ordinary citizens, writers, critics, professors and intellectuals.